रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में ईब नदी के तट पर स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर (कंवर धाम) में आयोजित कार्तिक मास के भजन-कीर्तन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने अपनी पत्नी एवं कंवर समाज की राष्ट्रीय अध्यक्ष कौशल्या साय के साथ भगवान श्री राधा-कृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री श्री साय और श्रीमती कौशल्या साय ने श्रद्धालुओं एवं कीर्तन मंडलियों के साथ मंजीरा बजाकर भजन-कीर्तन में सहभागिता की। भगवान श्री राधा-कृष्ण के भजनों और संकीर्तन से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर क्षेत्र की सभी 62 कीर्तन मंडलियों को वाद्य यंत्र, वेशभूषा एवं अन्य आवश्यक सामग्री क्रय करने के लिए शासन की ओर से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि भजन-कीर्तन हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा का अभिन्न हिस्सा है। इन परंपराओं को जीवंत बनाए रखने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
उल्लेखनीय है कि ग्राम पमशाला स्थित श्री राधा-कृष्ण मंदिर में 27 अक्टूबर से कार्तिक मास के अवसर पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे और शाम 5 बजे से भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। इसमें क्षेत्र की 62 कीर्तन मंडलियां पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ सहभागिता कर रही हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचकर भगवान श्री राधा-कृष्ण की आराधना कर रहे हैं। महीने भर चलने वाले इस धार्मिक आयोजन का समापन 24 नवंबर को होगा।
परोपकार और सेवा में ही मानव जीवन की सार्थकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन अत्यंत दुर्लभ और अनमोल है। इसकी वास्तविक सार्थकता दूसरों के काम आने, जरूरतमंदों की सहायता करने और समाज के कल्याण के लिए कार्य करने में है। दूसरों के दुख-दर्द को समझना और उनकी पीड़ा दूर करने का प्रयास करना ही सबसे बड़ा धर्म है।
लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन के लिए सरकार प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्तिक मास के दौरान निरंतर भजन-कीर्तन करने वाली सभी 62 मंडलियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इन मंडलियों के समर्पण और श्रद्धा से हजारों लोगों को भगवान श्री राधा-कृष्ण की भक्ति और आध्यात्मिक आनंद का अवसर मिला है।
जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना ऐतिहासिक उपलब्धि
मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना के क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि जशपुर में मेडिकल की पढ़ाई शुरू होना जिले के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है। इससे क्षेत्र के युवाओं को चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा और उन्हें अपने ही जिले में आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और संत गहिरा गुरु महाराज के योगदान को किया याद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कंवर समाज के गौरवशाली इतिहास और सामाजिक योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि समाज ने स्वतंत्रता संग्राम से लेकर सामाजिक जागरण और सांस्कृतिक संरक्षण तक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।






