भिलाई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय इस्पात नगरी भिलाई के सेक्टर-2 में आयोजित श्री राम कथा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने व्यासपीठ को नमन कर विश्वविख्यात कथाव्यास पूज्य संत चिन्मयानंद बापूजी से आशीर्वाद लिया तथा श्रद्धालुओं के साथ बैठकर भक्तिभाव से श्री राम कथा का रसपान किया।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर प्रदेशवासियों को कार्तिक पूर्णिमा एवं गुरू नानक देवजी की जयंती प्रकाश पर्व की बधाई दी। उन्होंने माता कौशल्या की जन्मभूमि एवं प्रभु श्रीराम के ननिहाल छत्तीसगढ़ में पूज्य संत चिन्मयानंद बापूजी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री अरूण साव उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस्पात नगरी भिलाई में विगत आठ दिनों से श्री राम कथा का आयोजन किया जा रहा है। पूज्य बापू जी के श्रीमुख से श्री राम कथा का रसपान करने का अवसर मिलना हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है। प्रभु श्रीराम ने अपने वनवास काल का अधिकांश समय छत्तीसगढ़ में व्यतीत किया है। प्रदेश में अनेक ऐसे पवित्र स्थल हैं, जो प्रभु श्रीराम के वनवास काल की स्मृतियों से जुड़े हुए हैं।
राजिम के त्रिवेणी संगम में स्थित कुलेश्वर महादेव मंदिर के संबंध में मान्यता है कि प्रभु श्रीराम एवं माता सीता ने अपने करकमलों से शिवलिंग की स्थापना की थी। चंदखुरी में माता कौशल्या का मंदिर स्थित है। राम वन गमन पथ से जुड़े अनेक स्थल छत्तीसगढ़ की समृद्ध धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं।
राजधानी रायपुर में जनवरी में होगी श्री राम कथा
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने विधानसभा क्षेत्र कुनकुरी में पूर्व में आयोजित श्री राम कथा का स्मरण करते हुए कहा कि पूज्य संत श्री चिन्मयानंद बापू जी का स्नेह एवं आशीर्वाद निरंतर छत्तीसगढ़ को प्राप्त हो रहा है। उन्होंने जनवरी 2027 में रायपुर में आयोजित होने वाली श्री राम कथा में शामिल होने के लिए श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया।






