ताजा खबरें

ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 : मुख्यमंत्री साय बोले छत्तीसगढ़ के विकास में तेलुगु समाज का महत्वपूर्ण योगदान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के देवेन्द्र नगर स्थित श्री बालाजी विद्या मंदिर में आयोजित 11वें ऑल इंडिया तेलुगु कॉन्फ्रेंस-2026 में शामिल हुए। उन्होंने तेलुगु समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ के विकास और समृद्धि में तेलुगु समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। व्यापार, शिक्षा, उद्योग और सामाजिक क्षेत्रों में समाज के लोगों ने अपनी प्रतिभा, परिश्रम और उद्यमशीलता से विशिष्ट पहचान बनाई है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ और तेलुगु समाज के बीच दशकों पुराना आत्मीय और विश्वास भरा संबंध है। समाज के लोगों ने अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छत्तीसगढ़ को अपनी कर्मभूमि बनाया है। उन्होंने छत्तीसगढ़ में आंध्रा एसोसिएशन की 50 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकजुटता, सांस्कृतिक संरक्षण और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भिलाई स्टील प्लांट जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में तेलुगु समाज से जुड़े इंजीनियरों, प्रबंधकों और तकनीकी विशेषज्ञों ने भी महत्वपूर्ण योगदान देकर प्रदेश के औद्योगिक विकास को मजबूती दी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतमाला परियोजना के अंतर्गत रायपुर से विशाखापत्तनम तक विकसित किए जा रहे सड़क मार्ग से छत्तीसगढ़ और आंध्र प्रदेश के बीच आवागमन अधिक सुगम होगा। इससे यात्रा के समय और दूरी में कमी आएगी तथा व्यापार, माल परिवहन और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उन्होंने मातृभाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए ऐसे राष्ट्रीय सम्मेलनों को महत्वपूर्ण बताया।

सम्मेलन में आंध्र प्रदेश के बैरमपुर से आए रिंग डांस समूह, श्री बालाजी विद्या मंदिर के विद्यार्थियों और अन्य कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिससे तेलुगु समाज की लोककला और परंपराओं की मनमोहक झलक देखने को मिली।

Related Posts