रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में एशियन पैरा गेम्स में देश और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाने वाले पैरा खिलाड़ियों तोमन कुमार और अभिजीत सखूजा को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाले तोमन कुमार को 51 लाख और पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक विजेता अभिजीत सखूजा को 31 लाख रुपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस दौरान उप मुख्यमंत्री एवं खेल मंत्री अरुण साव भी उपस्थित रहे।
नक्सली हमले और शारीरिक चुनौतियों को दी मात
बालोद जिले के नवागांव निवासी पूर्व सीआरपीएफ जवान तोमन कुमार ने वर्ष 2022 में झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान आईईडी विस्फोट में अपना बायां पैर गंवा दिया था। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और पैरा तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतकर अदम्य साहस का परिचय दिया। वहीं, बिलासपुर के अभिजीत सखूजा बचपन से क्लब फुट की शारीरिक चुनौती का सामना करने के बावजूद पैरा बैडमिंटन में कांस्य पदक हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने दोनों खिलाड़ियों के संघर्ष और संकल्प को युवाओं के लिए प्रेरणादायक बताया।
खिलाड़ियों को हरसंभव सहयोग का संकल्प
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन और ‘जितना खेलेंगे, उतना ही खिलेंगे’ की भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण व संसाधन उपलब्ध करा रही है। इस अवसर पर खेल विभाग के अधिकारी और खिलाड़ियों के परिजन भी मौजूद थे।






