ताजा खबरें

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने धरमजयगढ़ से किया धान खरीदी का शुभारंभ :  3,095 उपार्जन केंद्रों में किसानों के लिए व्यापक व्यवस्था

 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जनजातीय गौरव दिवस के राज्य स्तरीय समारोह के दौरान धरमजयगढ़ से धान खरीदी का शुभारंभ किया। राज्य सरकार इस वर्ष किसानों से 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की प्रक्रिया तेजी से शुरू हो गई है।

किसानों के लिए बड़ी राहत और आदान सहायता

राज्य सरकार ने किसानों के हित में एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए यह प्रावधान किया है कि 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले पात्र किसानों को भी ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत 13,839 रुपये प्रति एकड़ की पूरी आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई किसान कम उत्पादन या अन्य कारणों से निर्धारित सीमा से कम धान बेचता है, तो भी उसे सत्यापित रकबे के आधार पर शेष कोटे की पूरी सहायता राशि मिलेगी। इससे विशेष रूप से वनांचल और जनजातीय क्षेत्रों के किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिलेगी।

अब तक की कुल खरीदी

प्रदेश के सभी 33 जिलों में धान खरीदी के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। राज्य में कुल 3,095 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 1,606 केंद्रों में धान खरीदी प्रारंभ हो चुकी है।

पहले ही दिन प्रदेश में 1,98,364.80 क्विंटल धान खरीदा गई। इसमें 1,10,979.20 क्विंटल मोटा धान, 80,489.60 क्विंटल पतला धान और 6,896 क्विंटल सरना धान शामिल है।

जिलेवार खरीदी के आंकड़े

राज्य के विभिन्न जिलों में खरीदी कार्य सुचारू रूप से चल रहा है, पहले ही दिन राजनांदगांव 26,464.40 क्विंटल धान की खरीदी के साथ सबसे आगे रहा। बालोद – 24,676 क्विंटल धान का उपार्जन। महासमुंद – 20,444.80 क्विंटल धान की खरीदी। धमतरी- 19,829.20 क्विंटल धान का उपार्जन दर्ज किया गया है। इसके अलावा बेमेतरा, दुर्ग, खैरागढ़, बलौदाबाजार, रायपुर और बस्तर-सरगुजा संभाग के अन्य जिलों में भी खरीदी की गतिविधियां निरंतर जारी हैं।

 रायगढ़ में विशेष निगरानी व्यवस्था

रायगढ़ जिले में किसानों की सुविधा के लिए उपार्जन केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 112 कर दी गई है, जहाँ 85,501 किसानों ने पंजीयन कराया है। धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने और अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में 20 चेक पोस्ट बनाए गए हैं, जिन पर तीन पालियों में चौबीसों घंटे निगरानी रखी जा रही है।

सरकार की इन किसान-हितैषी पहलों से प्रदेश की कृषि अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है और किसानों को उनकी मेहनत का पूरा उचित मूल्य मिल रहा है।

Related Posts