छत्तीसगढ़

गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय संगोष्ठी : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा का किया अनावरण

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर ‘स्वतंत्रता संघर्ष में जनजातीय नायकों का योगदान’ विषय पर राष्ट्रीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने विश्वविद्यालय परिसर में धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया और जनजातीय वीथिका का अवलोकन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय वीर नायकों का संघर्ष और बलिदान हमारी गौरवशाली विरासत का अमूल्य हिस्सा है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं को सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान’ के तहत प्रदेश के हजारों गांवों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। साथ ही, समाज की परंपराओं को सहेजने वाले मांझी, चालकी और बैगा का मानदेय भी बढ़ाया गया है।

संगोष्ठी की अध्यक्षता कर रहे केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने भी भगवान बिरसा मुंडा व शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद किया। इस दौरान विश्वविद्यालय की स्मारिका का विमोचन किया गया और मात्र दस रुपये में भोजन उपलब्ध कराने जैसी सामाजिक पहलों की सराहना की गई। कार्यक्रम में विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला, कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल सहित बड़ी संख्या में विद्वान और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Related Posts