छत्तीसगढ़

10वी-12वी परीक्षा 12 मार्च से : माध्यमिक शिक्षा मंडल ने जारी की समय-सारणी

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल, रायपुर ने वर्ष 2027 की हाईस्कूल 10वीं, हायर सेकेंडरी 12वीं और शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि परीक्षाओं की समय-सारणी जारी कर दी है। जारी कार्यक्रम के अनुसार 12वीं बोर्ड की परीक्षाएं 12 मार्च से शुरू होकर 8 अप्रैल तक चलेंगी, जबकि 10वीं की परीक्षाएं 13 मार्च से शुरू होकर 5 अप्रैल तक आयोजित होंगी। तीनों परीक्षाओं का समय सुबह 9 बजे से दोपहर 12.15 बजे तक निर्धारित किया गया है।

मंडल की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 12वीं की परीक्षा की शुरुआत 12 मार्च को हिन्दी विषय के प्रश्नपत्र से होगी। इसके बाद 15 मार्च को राजनीति विज्ञान, रसायन शास्त्र, लेखा शास्त्र सहित विभिन्न विषयों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 17 मार्च को संस्कृत, 19 मार्च को जीव विज्ञान और अर्थशास्त्र, 24 मार्च को समाजशास्त्र, 29 मार्च को गणित और कम्प्यूटर एप्लीकेशन तथा 31 मार्च को अंग्रेजी की परीक्षा होगी। वहीं 3 अप्रैल को इतिहास और व्यवसाय अध्ययन, 5 अप्रैल को भूगोल एवं भौतिक शास्त्र, 6 अप्रैल को व्यावसायिक विषयों, 7 अप्रैल को विभिन्न क्षेत्रीय भाषाओं और 8 अप्रैल को मनोविज्ञान का प्रश्न पत्र होगा।

इसी तरह 10वीं की बोर्ड परीक्षा 13 मार्च को तृतीय भाषा के प्रश्नपत्र से प्रारंभ होगी। 16 मार्च को द्वितीय भाषा हिन्दी एवं अंग्रेजी, 18 मार्च को सामाजिक विज्ञान और 20 मार्च को विज्ञान की परीक्षा होगी। इसके बाद 25 मार्च को प्रथम भाषा हिन्दी, 30 मार्च को गणित तथा 1 अप्रैल को विभिन्न व्यावसायिक पाठ्यक्रमों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। 5 अप्रैल को केवल दृष्टिहीन विद्यार्थियों के लिए संगीत तथा मूक-बधिर विद्यार्थियों के लिए ड्राइंग एंड पेंटिंग की परीक्षा निर्धारित है।
शारीरिक प्रशिक्षण पत्रोपाधि (डीपीई) प्रथम एवं द्वितीय वर्ष की परीक्षाएं 12 मार्च से 20 मार्च तक आयोजित होंगी। प्रथम वर्ष की परीक्षा 12 मार्च को शारीरिक शिक्षा का इतिहास और सिद्धांत विषय से शुरू होगी तथा 19 मार्च को अंतिम प्रश्नपत्र होगा। द्वितीय वर्ष की परीक्षा 13 मार्च से शुरू होकर 20 मार्च को समाप्त होगी।

परीक्षा केंद्र में समय का रखें ध्यान

मंडल ने परीक्षार्थियों के लिए परीक्षा संबंधी दिशा-निर्देश भी जारी किए हैं। इसके अनुसार विद्यार्थियों को सुबह 9 बजे तक परीक्षा कक्ष में स्थान ग्रहण करना होगा। सुबह 9.05 बजे उत्तर पुस्तिकाओं का वितरण, 9.10 बजे प्रश्नपत्र वितरित किए जाएंगे तथा 9.15 बजे से उत्तर लिखने का कार्य शुरू होगा, जो दोपहर 12.15 बजे तक चलेगा।

परीक्षा केंद्रों में होगी प्राइवेट छात्रों की प्रायोगिक परीक्षा

स्वाध्यायी परीक्षार्थियों की प्रायोगिक एवं परियोजना परीक्षाएं उनके परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित की जाएंगी। मंडल ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकतानुसार परीक्षा की तिथि एवं समय में बिना पूर्व सूचना के परिवर्तन किया जा सकता है। परीक्षा अवधि में शासन द्वारा सार्वजनिक, ऐच्छिक या स्थानीय अवकाश घोषित किए जाने पर भी परीक्षाएं निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित होंगी। परीक्षार्थी विस्तृत विषयवार समय-सारणी छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की आधिकारिक वेबसाइट www.cgbse.nic.in पर देख सकते हैं।

Related Posts