छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ के दो विद्यार्थी दक्षिण कोरिया में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व : मुख्यमंत्री साय ने बढ़ाया उत्साह

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दो होनहार विद्यार्थी अब अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी तकनीकी प्रतिभा का प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगे। रायपुर के वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा सातवीं के विद्यार्थी पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी का चयन दक्षिण कोरिया में 28 एवं 29 नवंबर को आयोजित होने वाली रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों विद्यार्थी इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दोनों विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री श्री साय ने उनकी उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए दोनों विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के बच्चों में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। उन्हें सही अवसर, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन मिले तो वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में रोबोटिक्स जैसे आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में उपलब्धि हासिल करना अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायी है।

राष्ट्रीय प्रतियोगिता में हासिल किया द्वितीय स्थान

उल्लेखनीय है कि पराक्रम सिन्हा और मोहम्मद गौस अंसारी ने नेशनल चैंपियनशिप 2026 की LEGO Line Follower श्रेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। इसी उपलब्धि के आधार पर उनका चयन रोबोटेक्स इंटरनेशनल ग्रैंड फाइनल के लिए हुआ है।

LEGO Line Follower श्रेणी में विद्यार्थियों को ऐसा रोबोट तैयार करना होता है, जो निर्धारित ट्रैक पर बनी लाइन को पहचानकर उसके अनुसार आगे बढ़ सके। इसके लिए प्रोग्रामिंग, तार्किक सोच, तकनीकी समझ और समस्या समाधान की क्षमता आवश्यक होती है।

शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का महत्वपूर्ण योगदान

दोनों विद्यार्थियों की इस उपलब्धि में उनके अभिभावकों, शिक्षकों और तकनीकी मार्गदर्शकों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान वेदिक इंटरनेशनल स्कूल की प्राचार्य नीलम चौधरी, रोबोनाइट रोबोटिक्स के सीईओ एवं चीफ मेंटर रवि सिन्हा, मैनेजिंग डायरेक्टर रीना सिन्हा तथा टीम कोच शौर्य सिन्हा उपस्थित रहे।

Related Posts