रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि जनता के एक-एक रुपए का सही उपयोग सुनिश्चित करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने रायपुर स्थित महालेखाकार आवासीय परिसर में ऑडिट पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ करते हुए कहा कि सार्वजनिक धन नागरिकों की आशाओं और बेहतर भविष्य से जुड़ा है, इसलिए इसका पारदर्शी व समयबद्ध उपयोग सुशासन की आधारशिला है। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा भी रोपा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लेखा परीक्षा की टिप्पणियों को बाधा नहीं, बल्कि व्यवस्था सुधार के अवसर के रूप में देखा जाना चाहिए। उन्होंने विभागों को समय पर उपयोगिता प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने, बैंक खातों में अटकी अव्ययित राशि के नियमानुसार उपयोग और लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों व लोक लेखा समिति की अनुशंसाओं पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के लगभग 1.70 लाख करोड़ के बजट का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना प्राथमिकता है।
ऑनलाइन प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ी
डिजिटल तकनीक की चर्चा करते हुए श्री साय ने कहा कि सभी 35 कोषालयों में ई-प्रांप्स और ई-वाउचर व्यवस्था, एक अप्रैल 2026 से डिजिटल भुगतान प्रणाली, नेक्स्ट जेन 2.0 तथा लोक निर्माण विभाग में माप पुस्तिका से भुगतान तक की ऑनलाइन प्रक्रिया से पारदर्शिता बढ़ी है। उन्होंने डेटा विश्लेषण और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित लेखा परीक्षा को समय की आवश्यकता बताया। साथ ही महालेखाकार कार्यालय की 25 वर्षों की सेवाओं, मासिक सिविल लेखों के 10 तारीख तक तैयार होने और 2025-26 की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि 25-26 नवंबर को विशेष कार्यशालाएं आयोजित होंगी।
प्रधान महालेखाकार यशवंत कुमार ने बताया कि विभाग अपनी स्थापना के 166 वर्ष पूरे कर रहा है और पखवाड़े में आधुनिक तकनीक, नवाचार व प्रशिक्षण पर विशेष जोर दिया जा रहा है।






