ताजा खबरें

छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश का नया अध्याय : मुख्यमंत्री साय बोले – इंडस्ट्री डायलॉग में 1.07 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

रायपुर। नवा रायपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ इंडस्ट्री डायलॉग चैप्टर-3 में प्रदेश को 24 उद्योग समूहों से 1 लाख 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेशों से राज्य के लगभग 20 हजार युवाओं को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निवेशक प्रतिनिधियों को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट लेटर’ सौंपे और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति और इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से पिछले डेढ़-दो वर्षों में राज्य को साढ़े आठ लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिनमें से लगभग 60 परियोजनाओं पर कार्य भी शुरू हो चुका है। उन्होंने बताया कि सिंगल विंडो सिस्टम को प्रभावी बनाने और जन विश्वास अधिनियम के तहत प्रक्रियागत उल्लंघनों को अपराधमुक्त कर आर्थिक दंड लागू करने से व्यापारिक वातावरण सुगम हुआ है।

नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई

बस्तर का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई से क्षेत्र में शांति और बुनियादी सुविधाएं बढ़ी हैं, जिससे बस्तर में उद्योग, पर्यटन और कृषि प्रसंस्करण में निवेश की नई संभावनाएं बन रही हैं। उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

चित्रकोट जलप्रपात को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के रूप में विकसित करने की योजना

मुख्य सचिव विकास शील ने बताया कि चित्रकोट जलप्रपात को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना बन रही है। इसके अलावा कृषि प्रसंस्करण, वनोपज, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डेटा सेंटर और अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी जैसे आधुनिक क्षेत्रों में निवेश को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उद्योग सचिव रजत कुमार ने नीतिगत प्रोत्साहनों की जानकारी दी। कार्यक्रम में सीएसआईडीसी अध्यक्ष राजीव अग्रवाल सहित वरिष्ठ अधिकारी व उद्योगपति उपस्थित थे।

Related Posts