रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम चरौदा में आयोजित कार्यक्रम में 27 करोड़ 53 लाख 87 हजार की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को सौगात दी। इन कार्यों से क्षेत्र में सिंचाई, सड़क, विद्युत और ग्रामीण अधोसंरचना सुविधाओं का विस्तार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों का विकास और किसानों की समृद्धि हमारी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आज धरसींवा विधानसभा क्षेत्र में 27 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का भूमिपूजन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी, ग्रामीण सड़कों का विस्तार होगा तथा बिजली और अन्य बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश में हमारी सरकार ने मोदी की गारंटी को पूरा करने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का लक्ष्य लेकर कार्य प्रारंभ किया था। सरकार ने अपनी पहली ही कैबिनेट बैठक में प्रदेश के 18 लाख परिवारों के लिए प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का निर्णय लिया। गरीब परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने के साथ ही किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है।
सेवा संवाद यात्रा की सराहना की
मुख्यमंत्री श्री साय ने विधायक अनुज शर्मा के नेतृत्व में प्रारंभ की गई सेवा संवाद यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों का जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझना बहुत महत्वपूर्ण है। ग्राम चरौदा से शुरू हुई यह यात्रा धरसींवा विधानसभा क्षेत्र के सभी 144 गांवों तक पहुंचेगी।
मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य की घोषणा
मुख्यमंत्री धरसींवा विधायक अनुज शर्मा की मांग पर ग्राम चरौदा के लिए दो महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ऐतिहासिक मुक्तेश्वर महादेव मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए शेड निर्माण एवं पेवर ब्लॉक कार्य कराए जाने की घोषणा की। साथ ही ग्राम चरौदा में नवीन मंगल भवन के निर्माण की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि मुक्तेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र की आस्था और सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को सहूलियत मिलेगी। वहीं मंगल भवन के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।






