छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री साय पहुंचे जशपुर जिले के पमशाला : 1 करोड़ 97 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के फरसाबहार विकासखंड अंतर्गत ग्राम पमशाला में 1 करोड़ 97 लाख 56 हजार की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें महतारी सदन, सामुदायिक भवन, सड़क और पुलिया निर्माण के कार्य शामिल हैं। इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने इस अवसर पर ग्राम गंझियाडीह, उपरकछार, सिकिरमा और अंबाकछार में 30-30 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार महतारी सदनों का भूमिपूजन किया। कुल 1 करोड़ 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाले ये महतारी सदन ग्रामीण महिलाओं के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनेंगे। यहां महिलाओं को एक साथ बैठकर विभिन्न गतिविधियों के संचालन, आपसी संवाद और स्वरोजगार से जुड़ी पहल को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर स्थान उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने ग्राम तुबा, सिकिरमा, धौरासांड और मेंडरबहार में 13 लाख 27 हजार रुपये प्रति भवन की लागत से बनने वाले चार सामुदायिक भवनों का भी भूमिपूजन किया। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सार्वजनिक आयोजनों के लिए सुविधाजनक स्थान उपलब्ध होगा।

इसी क्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम पमशाला के बेराटोली में भजनो घर के पास 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली पुलिया का भूमिपूजन किया। उन्होंने पमशाला में मुख्य मार्ग से मंदिर तक 14 लाख 48 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीसी सड़क का लोकार्पण भी किया। सड़क और पुलिया के निर्माण से स्थानीय नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री बोले – गांवों में बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो रहा 

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों का विकास ही प्रदेश की समृद्धि का आधार है। हमारी सरकार का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं का निरंतर विस्तार हो तथा विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि गांवों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि ग्रामीणों का जीवन अधिक सहज और सुविधाजनक बन सके।

Related Posts