रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दुर्ग जिले के नगर पालिक निगम रिसाली को 101 करोड़ से अधिक के विकास कार्याें की सौगात दी। इस दौरान उन्होंने शहर के 40 वार्डाें में नाली सुदृढ़ीकरण के लिए 2 करोड़ की घोषणा की। पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण, जल निकासी और मुक्तिधामों के उन्नयन के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना से शहरों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रदेश के शहरों की बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना प्रारंभ की है। इसके माध्यम से मुख्य सड़कों, पेयजल आपूर्ति, जल निकासी, सार्वजनिक परिवहन, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
रिसाली में होंगे अनेक विकास कार्य
मुख्यमंत्री रिसाली नगर निगम क्षेत्र में 101 करोड़ से अधिक की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया है। इनमें नगर निगम के अंतर्गत 29 करोड़ 55 लाख रुपए की लागत के 22 कार्यों का भूमिपूजन तथा 39 करोड़ 56 लाख रुपए की लागत के दो कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके अतिरिक्त लोक निर्माण विभाग के अंतर्गत 28 करोड़ 6 लाख रुपए की लागत के एक कार्य और मुख्यमंत्री ग्राम सड़क एवं विकास योजना के अंतर्गत 3 करोड़ 84 लाख रुपए की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
1 करोड़ में ओवरहेड टैंक का निर्माण होगा
मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम के वार्ड क्रमांक 18 में लगभग 1 करोड़ 95 लाख रुपए की लागत से ओवरहेड टैंक का निर्माण किया जाएगा। मैत्री नगर में लगभग 1 करोड़ 65 लाख रुपए की लागत से उद्यान निर्माण, समतलीकरण, स्ट्रीट लाइट और हाईमास्ट लाइट लगाने के कार्य किए जाएंगे।
इसी प्रकार तालपुरी और रूआबांधा क्षेत्र में लगभग 98 लाख रुपए से अधिक की लागत से विकास कार्य होंगे। डुंडेरा पश्चिम में 77 लाख रुपए, नेवई भांठा एवं नेवई बस्ती पूर्व में 74 लाख रुपए तथा सक्ती विहार रिसाली में 67 लाख रुपए की लागत से विभिन्न नागरिक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
रिसाली के विकास में पैसे की कमी नहीं होगी : उपमुख्यमंत्री अरुण साव
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन और विकास का नया अध्याय लिखा जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सबका साथ, सबका विकास के मूलमंत्र के अनुरूप नगरीय क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है।
दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चंद्राकर ने किसानों के हित में लिए गए निर्णयों तथा रिसाली क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात देने के लिए मुख्यमंत्री साय का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न आवश्यकताओं और मांगों की ओर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
95 हितग्राहियों को मिला जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत 95 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक, सामग्री, प्रशस्ति पत्र एवं अधिकार अभिलेख प्रदान किए गए।






