रायपुर। महासमुंद जिले के ऐतिहासिक एवं पुरातात्त्विक नगरी सिरपुर में अगले वर्ष 20 से 22 फरवरी तक तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। ‘संगीति’ की अवधारणा पर आधारित इस महोत्सव में इतिहास, अध्यात्म, कला, संस्कृति एवं पर्यटन का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा। महोत्सव को आकर्षक बनाने विभिन्न विभागों द्वारा समन्वित कार्ययोजना तैयार की जा रही है।
सिरपुर महोत्सव की तैयारियों के संबंध में पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के सचिव डॉ. एस. भारतीदासन की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में अंतरविभागीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिरपुर विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धम्मशील गणवीर ने महोत्सव के आयोजन एवं क्रियान्वयन की विस्तृत कार्ययोजना प्रस्तुत की।
सुरंग टीला में जीवंत होगा सिरपुर का गौरवशाली इतिहास
सिरपुर महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ऐतिहासिक सुरंग टीला में प्रारंभ होने वाला प्रकाश एवं ध्वनि कार्यक्रम होगा। इसके माध्यम से सिरपुर के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध पुरातात्त्विक विरासत तथा प्रसिद्ध चीनी यात्री ह्वेनसांग की सिरपुर यात्रा से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा।
स्थानीय लोक कलाकारों को मिलेगा विशेष मंच
सिरपुर महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति एवं पारंपरिक नृत्य विधाओं को विशेष स्थान दिया जाएगा। महोत्सव में 34 ग्रामों के पारंपरिक नृत्य दलों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों के लिए अलग मंच एवं आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएंगी। महोत्सव के दौरान प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक स्थानीय एवं क्षेत्रीय कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी। इसके पश्चात शाम 5 बजे से रात्रि 10 बजे तक राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

योग, ध्यान और साहसिक पर्यटन की गतिविधियों से बढ़ेगा आकर्षण
महोत्सव में प्रदर्शनी, योग एवं ध्यान, पतंग उत्सव सहित विभिन्न गतिविधियों के आयोजन की तैयारी की जा रही है। इसके लिए उपयुक्त स्थलों का चयन एवं निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं। पर्यटकों के लिए तंबू नगरी, गर्म हवा के गुब्बारे की सवारी, नौका विहार एवं साहसिक खेलों जैसी गतिविधियों के संबंध में भी कार्ययोजना तैयार की जाएगी। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल को संबंधित पर्यटन सेवा प्रदाताओं के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आवश्यक अनुमतियां एवं सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।






