छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियां तेज : फरवरी तक पूरा होगा जनसंख्या गणना कार्य

रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। जनगणना के कार्य को समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आज यहां मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में मुख्य सचिव ने सभी जिला कलेक्टरों, संभागायुक्तों एवं जिला जनगणना अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में जनगणना का कार्य पूर्ण करने तथा मैदानी स्तर पर प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की नियुक्ति तथा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण आवश्यक

भारत की जनगणना के डिप्टी रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया श्रीमती वृषाली वराडे ने बताया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया गया है, जबकि द्वितीय चरण में प्रत्येक व्यक्ति की व्यक्तिगत जनगणना की जाएगी।

प्रगणकों का प्रशिक्षण, पर्यवेक्षण एवं नियमित मॉनिटरिंग

मुख्य सचिव विकासशील ने कहा कि जनगणना का प्रथम चरण बेहतर ढंग से पूरा किया गया है। अब द्वितीय चरण को भी पूरी गंभीरता और समयबद्धता के साथ संपन्न करना है। उन्होंने कलेक्टरों को निर्देशित किया कि वे जनगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का स्वयं भी अध्ययन करें और अपनी टीम को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपें।

जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के स्थानांतरण पर रोक

मुख्य सचिव ने जनगणना के दौरान नागरिकों के बीच किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं बनने देने पर जोर देते हुए कहा कि लोगों को स्पष्ट रूप से बताया जाए कि जनगणना में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल आंकड़ों का संकलन है। इसका किसी प्रकार के प्रमाण पत्र अथवा अन्य शासकीय पात्रता से संबंध नहीं है।

25 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे

छत्तीसगढ़ के जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल ने प्रथम चरण में मकान सूचीकरण के तहत किए गए कार्यों की जानकारी देते हुए द्वितीय चरण की कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। उन्होंने बताया कि जनसंख्या गणना का कार्य पूरी तरह डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। इसके अंतर्गत 10 से 24 जनवरी 2027 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध रहेगी। इसके बाद 25 जनवरी से 28 फरवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे।

प्रदेश के सभी 33 जिलों में होगी जनसंख्या गणना

जनगणना के द्वितीय चरण में प्रदेश के सभी 33 जिलों, 14 नगर पालिक निगमों, 19,978 गांवों एवं 195 नगरों में जनसंख्या गणना की जाएगी। इसके लिए 47 प्रमुख जनगणना अधिकारियों एवं 472 चार्ज के माध्यम से प्रशासनिक व्यवस्था की गई है। प्रदेश में अनुमानित 60,682 गणना ब्लॉक बनाए जाएंगे। इनके लिए 10 प्रतिशत आरक्षित कर्मियों सहित कुल 62,102 प्रगणकों एवं 10,667 पर्यवेक्षकों की आवश्यकता होगी। लगभग छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की व्यवस्था रहेगी।

प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 की जनसंख्या

प्रथम चरण में गठित मकान सूचीकरण ब्लॉकों को द्वितीय चरण में गणना ब्लॉकों में परिवर्तित किया जाएगा। प्रत्येक गणना ब्लॉक में लगभग 800 की जनसंख्या शामिल होगी। अधिक जनसंख्या वाले ब्लॉकों को आवश्यकतानुसार उप-गणना ब्लॉकों में विभाजित किया जाएगा। नए बसाहटों, झुग्गी बस्तियों, बहुमंजिला इमारतों तथा आवासीय एवं व्यावसायिक भवनों को भी गणना में शामिल किया जाएगा। मकान सूचीकरण ब्लॉकों की सीमाओं में विसंगतियों, क्षेत्रों के दोहराव एवं छूट गई बसाहटों का निराकरण 30 नवंबर 2026 तक करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Posts