छत्तीसगढ़

रायपुर सहित प्रदेश के 12 जिलों में होगी आंधी के साथ बारिश : सरगुजा संभाग में गुरूवार को ओले गिरे

रायपुर। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के 12 जिलों में आंधी के साथ तेज बारिश हो सकती है। यह स्थिति अगले 5 दिनों तक बनी रहने का अनुमान है। गुरूवार को सरगुजा संभाग में तेज बारिश के साथ ओले गिरे, जिससे सब्जी की सफलों को नुकसान पहुंचा।

छत्तीसगढ़ में फिर मौसम बदल गया है। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई स्थानों में सुबह से बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने अगले 5 दिन कुछ जगहों पर अंधड़ चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। आज 11 अप्रैल से प्रदेश के दुर्ग, रायपुर, कोरबा, महासमुंद, बेमेतरा, जांजगीर, बलौदाबाजार, सरगुजा, जशपुर, सूरजपुर, बीजापुर और कोंडागांव में बूंदाबांदी हो सकती है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) और ट्रफ एक्टिव है। इस वजह से आंधी-बारिश की स्थिति बन रही है। अगले 5 दिन प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ऐसी स्थिति रहेगी। आज बादल छाए रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। गुरुवार को 42 डिग्री टेम्प्रेचर के साथ राजनांदगांव सबसे गर्म रहा। वहीं गुरुवार को पेंड्रा, बलरामपुर, सरगुजा में बारिश के साथ ओले गिरे।

बिलासपुर में बारिश के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक आज कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने का अनुमान है। अगले दो दिन गर्मी से राहत मिल सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। बिलासपुर में गुरुवार को दोपहर में तेज धूप से गर्मी का अहसास हुआ। इसके बाद आसमान में बादल छाए रहे, शाम को आंधी चली और रात में जिले के अधिकांश इलाकों में बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को दिन का पारा 39.4 डिग्री सेल्सियस रहा, वहीं रात का पारा 25 डिग्री रहा।

सरगुजा संभाग में बारिश के साथ गिरे ओले

वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के कारण गुरुवार की शाम सरगुजा संभाग के कई इलाकों में तेज हवा और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। इस दौरान बलरामपुर में कई स्थानों पर ओले भी गिरे। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक ऐसी स्थिति रह सकती है। बारिश के कारण सरगुजा संभाग के जिलों में लोगों को गर्मी से मिली है। गुरुवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36 .9 डिग्री रहा। वहीं रात का पारा 23.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।

राजधानी रायपुर का तापमाना 40 डिग्री पार

गुरुवार को दिन में गर्मी सेे लोग परेशान रहे, लेकिन शाम होते ही मौसम में बदलाव देखा गया। रात को तेज हवाएं चलने लगी, जिससे मौसम ठंडा रहा। मौसम विभाग के मुताबिक आज रायपुर में धूप-छांव वाला मौसम रहेगा। रायपुर में गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री रहा। रात का पारा 22.3 डिग्री रहा। आज दिन का तापमान 42 डिग्री के आस-पास रहने की संभावना है।

 

 

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts