बलौदाबाजार। जिले के कटगी में बीते दिनों हुए बवाल, दहशतगर्दी और मारपीट के मामले में पुलिस ने फरार मुख्य इनामी आरोपी एवं युवा कांग्रेस नेता भागवत थवाइत को उसके साथियों सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने भागवत थवाइत पर 10 हजार का इनाम घोषित किया था। गिरफ्तारी के बाद गांव में आरोपियों का जुलूस भी निकाला गया, जिससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर सख्ती का संदेश दिया गया।
घटना के बाद प्रदेश युवा कांग्रेस ने भी सख्त रुख अपनाते हुए गंभीर आपराधिक प्रकरण में संलिप्तता के चलते भागवत थवाइत को कसडोल ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष के पद से हटा दिया है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत कुछ दिनों पहले उस समय हुई, जब कटगी गांव में भागवत थवाइत और उसके पिता संतोष थवाइत को उनके ढाबे में अवैध रूप से शराब बेचते हुए गांव की महिला कमांडो टीम ने पकड़ा था। महिला टीम द्वारा रोकने पर पिता-पुत्र ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की धमकी दी। इसके बाद मामले की शिकायत कसडोल थाने में दर्ज कराई गई, लेकिन तत्काल कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ता गया।
भागवत थवाइत ने ग्रामीणों को गाली गलौज करते हुए फैलाया था दहशत
ग्रामीणों ने इस संबंध में जनदर्शन कार्यक्रम में भी शिकायत की, परंतु कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों के हौसले बुलंद होते गए। इसी बीच शिकायतों से नाराज भागवत थवाइत ने अपने साथियों के साथ गांव में रैली निकालते हुए गाली-गलौज और धमकी देकर दहशत का माहौल बना दिया। इस दौरान एक ग्रामीण के साथ मारपीट की घटना भी सामने आई।
आक्रोशित ग्रामीणाें ने ढाबा संचालक संतोष की पिटाई की थी
घटना से आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में ढाबे पहुंचे और आरोपी संतोष थवाइत की पिटाई कर दी, जबकि भागवत अपने साथियों के साथ मौके से फरार हो गया। स्थिति बिगड़ने पर ग्रामीणों ने चक्काजाम कर दिया। सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर हालात को नियंत्रित किया।
9 आरोपियों को किया जा चुका है गिरफ्तार
बताया जाता है कि आक्रोशित ग्रामीण देर रात लगभग 3 बजे तक कसडोल थाने में डटे रहे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी भागवत थवाइत, उसके पिता संतोष थवाइत सहित कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की विधि सम्मत कार्रवाई जारी है।

















