गिधौरी। बलौदाबाजार जिले से शादी का झांसा देकर प्रेम संबंध बनाने और बाद में मुकर जाने से क्षुब्ध होकर एक युवती द्वारा आत्महत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में चौकी गिरौदपुरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम बलौदा (हसुवा) निवासी आरोपी अजय टंडन 31 वर्ष का मृतिका के साथ लंबे समय से प्रेम संबंध था। आरोपी ने युवती को शादी का प्रलोभन देकर विश्वास में लिया था। 25 जनवरी को युवती ने आरोपी अजय को अपने घर ग्राम गिरौदपुरी बुलाया और शादी करने का दबाव बनाया। आरोपी द्वारा शादी से साफ इनकार करने पर युवती ने आवेश में आकर अपने हाथ की कलाई काट ली और कीटनाशक का सेवन कर लिया। घटना के वक्त आरोपी मदद करने के बजाय मौके से फरार हो गया।
इलाज के दौरान मौत
परिजनों द्वारा आनन-फानन में युवती को प्राथमिक उपचार के लिए कसडोल ले जाया गया, जहां से स्थिति गंभीर होने पर उसे बलौदाबाजार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। दुर्भाग्यवश, उपचार के दौरान 1 फरवरी को युवती ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में चौकी गिरौदपुरी पुलिस ने मर्ग जांच शुरू की। गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी अजय टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने स्वीकार किया कि उसने शादी का झांसा देकर संबंध बनाए थे और बाद में मना कर दिया था, जिससे आहत होकर युवती ने यह आत्मघाती कदम उठाया। पुलिस ने 30 मार्च को आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।

















