देश

नोएडा में सैलरी वृद्धि को लेकर बवाल : 350 से ज्यादा फैक्ट्रियों में तोड़फोड़, 50 वाहन फूंके

दिल्ली। दिल्ली से सटे नोएडा में सोमवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर चल रहा श्रमिकों का आंदोलन हिंसक हो गया। पिछले 9 अप्रैल से शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगें रख रहे सैकड़ों कर्मचारी अचानक सड़कों पर उतर आए और जमकर उत्पात मचाया। इस हिंसा में औद्योगिक इकाइयों को भारी नुकसान पहुंचा है और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े।

डंडे-लाठियों के साथ सड़कों पर उतरे युवा

आंदोलन का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि इसका कोई स्पष्ट नेतृत्व या चेहरा नहीं था। 18 से 30 वर्ष की आयु के युवाओं की भीड़ ने लाठी-डंडों से लैस होकर अलग-अलग इलाकों में धावा बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने न केवल फैक्ट्रियों पर पथराव किया, बल्कि करीब 50 से ज्यादा वाहनों को आग के हवाले कर दिया और पुलिस की गाड़ियां भी पलट दीं।

350 से अधिक फैक्ट्रियों पर हमला

नोएडा आंत्रप्रेन्योर एसोसिएशन के अध्यक्ष विपिन मल्हन के अनुसार, इस हिंसा में करीब 350 से ज्यादा इंडस्ट्रीज में तोड़फोड़ हुई है और लगभग 150 वाहनों को क्षतिग्रस्त किया गया है। सेक्टर-57 की 30 से अधिक फैक्ट्रियों में तोड़फोड़ की गई। सेक्टर-40, 60 और 85 (डिक्सन कंपनी) में कंपनियों का घेराव किया गया। सेक्टर-1, 15, 62 और DND फ्लाइओवर पर सड़क जाम से यातायात पूरी तरह बाधित रहा।

RAF और PAC तैनात

हालात बेकाबू होते देख प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में RAF रैपिड एक्शन फोर्स और PAC की टुकड़ियां तैनात कर दी हैं। पुलिस ने पथराव के जवाब में आंसू गैस के गोले छोड़े और कई उपद्रवियों को हिरासत में लिया है। डीजीपी राजीव कृष्ण और एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) अमिताभ यश कंट्रोल रूम से पल-पल की स्थिति पर नजर रख रहे हैं। डीजीपी ने सख्त चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

BABU RAO

Related Posts