छत्तीसगढ़

बस से नशीली कफ सिरप की तस्करी : 480 बोतल जब्त, ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी गिरफ्तार

तपकरा। रायगढ़ जिले के तपकरा थाना पुलिस ने 10 अप्रैल की आधी रात वासुदेव सवारी बस की घेराबंदी कर भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली कफ सिरप बरामद की है। इस मामले में पुलिस ने बस के ड्राइवर, कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस को 10 अप्रैल की रात सूचना मिली थी कि जशपुर से रायगढ़ की ओर जा रही यात्री बस में अवैध नशीली दवाओं की खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही तपकरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए रात करीब 11.45 बजे थाने के सामने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध बस वहां पहुंची, पुलिस ने उसे रोका और सघन जांच शुरू की।

डिक्की में रखे थे 4 कार्टून

तलाशी के दौरान बस की डिक्की से दो बड़े झोले मिले, जिनमें चार कार्टून लोड थे। इन कार्टूनों को खोलने पर पुलिस ने ऑनरेक्स ब्रांड की 480 बोतलें बरामद कीं। जिसकी अनुमानित कीमत 96,720 रुपए आंकी गई है। इस सिरप में कोडीन फॉस्फेट और ट्राइपोलिडिन जैसे नशीले तत्व पाए जाते हैं, जिसका इस्तेमाल नशे के लिए किया जाता है।

बिहार से रायगढ़ तक फैला था जाल

शुरुआती पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्ती बरतने पर उन्होंने सच उगल दिया। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे यह खेप बिहार के गया से लेकर आए थे और इसे रायगढ़ के बाजार में खपाने की तैयारी थी।

आरोपी और कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(C) के तहत मामला दर्ज कर कंडक्टर बसंत पटेल, ड्राइवर भोलाराम और खलासी सतीश कुमार चौहान को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही बस को भी जब्त कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा है।

BABU RAO

Related Posts