छत्तीसगढ़

कांकेर के जंगल में नक्सलयों के 50 से अधिक आधुनिक हथियार मिले : इसमें विस्फोटक सामग्री भी शामिल

कांकेर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में सुरक्षाबल लगातार निर्णायक कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को जवानों ने कांकेर के जंगलों में सर्चिंग के दौरान नक्सलियों द्वारा छिपाए गए हथियारों के एक बड़े डम्प का भंडाफोड़ किया है। इस ऑपरेशन में 50 से अधिक आधुनिक हथियार और भारी मात्रा में गोला-बारूद बरामद किया गया है। बस्तर आईजी सुन्दरराज पी ने इस महत्वपूर्ण सफलता की पुष्टि की है।

बरामद हथियारों और सामग्री 

नक्सल डम्प से बरामद जखीरे में छोटे-बड़े 50 से अधिक हथियार और घातक विस्फोटक शामिल हैं, जिसमें, 1 नग 7.62 SLR LMG, 1 नग 5.56 LMG, 5 नग 303 रायफल, और 1 नग 7.65 MM पिस्टल। 11 नग सिंगलशॉट (देशी), 15 नग सिंगलशॉट बंदूक, 5 नग भरमार बंदूक, 2 नग 12 बोर देशी कट्टा, और 1 नग 315 बोर बंदूक। 8 नग BGL लॉन्चर, 34 नग BGL सेल, 10 नग कुकर बम, 1 नग तीर बम और 46 किलोग्राम बारूद। 469 नग कारतूस, 13 नग मैग्जीन, 04 नग वॉकी-टॉकी और 1 नग छोटी गैस वेल्डिंग मशीन शामिल हैं।

बीजापुर में भी हुई बड़ी रिकवरी  

नक्सल विरोधी अभियान के तहत केवल कांकेर ही नहीं, बल्कि बीजापुर में भी सुरक्षाबलों ने नक्सलियों की कमर तोड़ दी है। बीजापुर में अलग-अलग स्थानों से नक्सलियों के डम्प से 65 लाख 52 हजार रुपये नगद और LMG, SLR व कार्बाइन समेत 32 हथियार बरामद किए गए हैं। अब तक की कुल रिकवरी में 7 करोड़ रुपये से अधिक रुपए, 8.20 किलो सोना, कुल संपत्ति 20 करोड़ 08 लाख 52 हजार रुपये शामिल हैं। वहीं 2024 से अब तक कुल 517 हथियार जब्त किए जा चुके हैं।

 नक्सल कमर तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम 

बस्तर आईजी ने बताया कि नक्सलियों द्वारा इन हथियारों और विस्फोटक सामग्री का उपयोग सुरक्षाबलों को नुकसान पहुंचाने के लिए किया जाना था। इतनी बड़ी मात्रा में हथियारों और संपत्ति की बरामदगी नक्सलियों के गिरते मनोबल और उनके नेटवर्क के ध्वस्त होने का स्पष्ट संकेत है। क्षेत्र में सर्चिंग अभियान अभी भी जारी है।

 

Related Posts