नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में सोमवार को विपक्षी ‘INDIA’ गठबंधन की दो साल बाद 7वीं बड़ी बैठक आयोजित की गई। 2 घंटे से अधिक चली इस मैराथन बैठक में 25 दलों के दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का एलान किया और बताया कि बैठक में मुख्य रूप से 5 बड़े मुद्दों पर सहमति बनी है।
इस बैठक में सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, सुप्रिया सुले और कपिल सिब्बल समेत कई नेता प्रत्यक्ष रूप से शामिल हुए, जबकि उद्धव ठाकरे और हेमंत सोरेन ऑनलाइन माध्यम से जुड़े।
NEET-CBSE गड़बड़ी पर शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
बैठक में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर तीखा रुख अपनाते हुए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। खरगे ने कहा कि NEET और CBSE परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य को अधर में डाल दिया है। इसके लिए पूरी तरह शिक्षा मंत्री जिम्मेदार हैं और उन्हें तुरंत अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। विपक्ष ने इस मामले पर सरकार से तुरंत एक सर्वदलीय बैठक बुलाने की भी मांग की है।
CJI को पत्र लिखेगा INDIA गठबंधन : SIR पर उठाए सवाल
विपक्ष ने चुनाव की निष्पक्षता और मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) का दरवाजा खटखटाने का फैसला किया है।
मुख्य न्यायाधीश (CJI) को लिखेंगे एक पत्र
SIR के नाम पर करोड़ों वोटरों के नाम काटे गए हैं। चुनाव की निष्पक्षता को बरकरार रखने के लिए INDIA ब्लॉक के सभी दल एकजुट होकर देश के मुख्य न्यायाधीश (CJI) को एक पत्र लिखेंगे।
मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस अध्यक्ष
बैठक में इन 5 प्रमुख मुद्दों पर बनी सहमति
1 चुनाव की निष्पक्षता और SIR में गड़बड़ी को लेकर CJI को पत्र लिखा जाएगा। |
2 NEET-CBSE मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा मांगा जाएगा। |
3 महंगाई, बेरोजगारी और गिरती अर्थव्यवस्था के मुद्दों पर सरकार को घेरा जाएगा। |
4 आगामी 8 अगस्त को हैदराबाद में गठबंधन की अगली बैठक होगी। |
5 हर दो महीने में विपक्ष की नियमित बैठकें होंगी; मानसून सत्र के दौरान भी रणनीति बनेगी। |
दिल्ली में राहुल गांधी के खिलाफ लगे पोस्टर, यूथ कांग्रेस ने फाड़े
इस महाबैठक के बीच दिल्ली के सियासी गलियारों में पोस्टर वॉर भी देखने को मिला। सोमवार सुबह अकबर रोड पर राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ कुछ अज्ञात लोगों ने पोस्टर लगा दिए थे।
इनमें से एक पोस्टर पर एनसीपी (शरद पवार गुट) के प्रमुख शरद पवार की तस्वीर के साथ लिखा था कि “राहुल गांधी में कंसिस्टेंसी (स्थिरता) की कमी है।” दोपहर होते ही यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता भारी संख्या में मौके पर पहुंचे और इन सभी विवादित पोस्टरों को फाड़कर अपना विरोध दर्ज कराया।






