झारखंड में भर्ती परीक्षाओं को लेकर जारी छात्रों के आंदोलन के बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को JSSC-CGL परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि TDPL से जुड़ी सभी चीजों को रद्द किया जाएगा। इसमें TDPL की ओर से आयोजित परीक्षाएं, जारी किए गए परिणाम, चयनित अभ्यर्थी और इससे जुड़ी अन्य गतिविधियां भी शामिल हैं।
पेपर रद्द होने पर क्या बोले सीएम सोरेन
सीएम हेमंत सोरेन ने मीडियाकर्मियों से बातचीत के दौरान कहा- आज इस विषय को खत्म करने के लिए हम लोगों ने कैबिनेट की विशेष बैठक की। इसमें उन सभी बातों का समाधान निकालते हुए हम लोगों ने निर्णय लिया है कि टीडीपीएल द्वारा की गईं परीक्षाएं, उसके द्वारा प्रकाशित रिजल्ट और उसके द्वारा जो भी अभ्यर्थी चुने गए हैं या अन्य गतिविधियों को कैंसिल किया जाता है। इसका सीधा असर JSSC-CGL समेत TDPL द्वारा आयोजित अन्य भर्ती परीक्षाओं पर पड़ेगा।
सीनियर IAS की निगरानी में बनेगी कमेटी
झारखंड सरकार ने भर्ती परीक्षाओं में सुधार के लिए बड़ा कदम उठाते हुए वरिष्ठ IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में परीक्षा सुधार समिति गठित करने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि यह समिति परीक्षा प्रणाली की खामियों की समीक्षा करेगी और भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने के लिए सुझाव देगी।
JSSC और JSSC-CGL परीक्षा होगी रद्द
इसके साथ ही राज्य मंत्रिमंडल ने 2014 से आउटसोर्स एजेंसी TSR Data Processing Pvt Ltd (TSR/TDPL) की ओर से आयोजित सभी परीक्षाओं को रद्द करने का निर्णय लिया है। कैबिनेट ने झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की संयुक्त स्नातक स्तरीय परीक्षा (JSSC-CGL) को भी निरस्त कर दिया है। सरकार का कहना है कि भर्ती परीक्षाओं में सामने आई अनियमितताओं को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
16 दिन से भूख हड़ताल पर बैठ देवेंद्र महतो ने क्या कहा
इधर परीक्षा रद्द होने की खबर मिलते ही जयपाल मुंडा स्टेडियम में धरना पर बैठे आंदोलनकारी छात्रों के बीच खुशी की लहर दौड़ गई। जोर-जोर से नारे लगाए जाने लगे और इस फैसले की चर्चा तेज हो गई। परीक्षा रद्द होने के बाद 16 दिन से भूख हड़ताल कर रहे देवेंद्र नाथ महतो ने कहा कि मैं अनशन तोड़ूंगा। लेकिन संघर्ष जारी रहेगा।
छात्रों के बीच बातचीत में कई मांगों पर सहमति बनी
छात्र लंबे समय से JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। आंदोलन के बीच सोमवार को सरकार और छात्रों के बीच बातचीत के दौर के बाद कई मांगों पर सहमति बनी।






