छत्तीसगढ़

धमतरी में पकड़ाया गांजा का अंतर्राज्यीय गिरोह : 14 लाख का माल जब्त, परिवार बनकर कार से कर रहे थे तस्करी

धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के सिहावा पुलिस परिवार का स्वांग रचकर कार से गांजा तस्करी कर रहे एक अंतर्राज्यीय गिरोह काे दबोचा। इस कार्रवाई में पुलिस ने 18 किलो से अधिक गांजा, तस्करी में प्रयुक्त कार और मोबाइल सहित करीब 14 लाख का सामान जब्त किया है।

ओडिशा से महाराष्ट्र ले जाया जा रहा था गांजा

सिहावा पुलिस को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग की अमेज कार क्रमांक MH-27-DT-0319 में ओडिशा के बोलनगिर-भवानीपटना क्षेत्र से गांजा लोड कर महाराष्ट्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने ग्राम सांकरा फॉरेस्ट नाका के पास घेराबंदी की और संदिग्ध कार को रोका।

संदेह न हो इसलिए साथ रखे थे बच्चे, डिक्की से मिले 18 पैकेट

जब पुलिस ने कार की तलाशी ली, तो उसमें दो पुरुष, एक महिला और दो बच्चे सवार मिले, ताकि किसी को शक न हो और वे आसानी से पुलिस चेकिंग से बच सकें। जब पुलिस ने वाहन की डिक्की की तलाशी ली तो उसमें 18 पैकेट गांजा मिला, जिसका वजन 18 किलो 626 ग्राम था।

 तीन आरोपी गिरफ्तार, जब्त की 14 लाख की संपत्ति

गांजा परिवहन के संबंध में कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं करने पर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तीन आरोपी प्रवीण रविन्द्र दुबे, सोनू प्रवीण खैरकार और पलाश गजभिए को गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से 18 किलो 626 ग्राम गांजा, अमेज कार और 3 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 14 लाख रुपये आंकी गई है।

Related Posts