छत्तीसगढ़

दुर्ग में पड़ोसी ने किया 2 सगी नाबालिग बहनों से रेप : खेलने के बहाने घर बुलाया, प्राइवेट पार्ट में दर्द होने पर खुलासा

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के छावनी थाना क्षेत्र में एक पड़ोसी लड़के ने दो सगी नाबालिग बहनों को अपनी हवस का शिकार बनाया। आरोपी बच्चियों को खेलने के बहाने अपने घर बुलाता था और इस घिनौनी वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 17 वर्षीय नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है।

प्राइवेट पार्ट में दर्द होने पर हुआ खुलासा

घटना गुरुवार 2 जुलाई शाम करीब साढ़े 4 से 5 बजे के बीच की बताई जा रही है। पीड़ित बच्चियों के चाचा के मुताबिक, छोटी भतीजी रोते हुए घर पहुंची और पेट व प्राइवेट पार्ट में तेज दर्द की शिकायत करने लगी। बच्ची को दर्द से तड़पता देख परिजनों को शक हुआ। इसके बाद जब दोनों बहनों से अलग-अलग पूछताछ की गई, तब इस वारदात का खुलासा हुआ। बदहवास परिजन तुरंत शिकायत दर्ज कराने छावनी थाने पहुंचे।

पड़ोसी होने के भरोसे का उठाया फायदा

परिजनों ने बताया कि पड़ोसी होने के कारण दोनों परिवारों में आपस में आना-जाना था। इसी भरोसे के चलते बच्चे भी अक्सर खेलने के लिए वहां चले जाते थे, जिसका फायदा आरोपी ने उठाया। हालांकि, यह भी बताया जा रहा है कि दोनों परिवारों के बीच लंबे समय से कुछ आपसी विवाद भी चल रहा था।

पीड़ित परिवार ने की बुलडोजर कार्रवाई की मांग

इस वीभत्स घटना से आक्रोशित पीड़ित परिवार और रिश्तेदारों ने प्रशासन से सख्त से सख्त सजा की मांग की है। परिजनों का कहना है कि ऐसे अपराधियों के मन में कानून का खौफ होना जरूरी है। उन्होंने मांग की है कि दोषी को कड़ी सजा देने के साथ-साथ उसके घर पर बुलडोजर चलाने की कार्रवाई भी की जाए।

एएसपी ने कहा वैधानिक कार्रवाई जारी

एएसपी सिटी सुखनंदन राठौर ने बताया छावनी थाना में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तत्काल मामला दर्ज कर लिया गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए एक अपचारी नाबालिग बालक को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है और उससे पूछताछ कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Related Posts