छत्तीसगढ़

शराब के नशे में विवाद : पति ने बांस के डंडे से पीट-पीटकर की पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार 

बिलाईगढ़। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम गोविंदवन में 12 जुलाई को घरेलू विवाद में एक कलयुगी पति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। बिलाईगढ़ पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार, आरोपी परमेश्वर पिता गणेश राम साहू ने अपनी पत्नी देवंतीन साहू के सिर पर बांस के डंडे से ताबड़तोड़ प्राणघातक हमला कर दिया था। सूचना मिलते ही बिलाईगढ़ पुलिस ने गंभीर रूप से घायल महिला को तत्काल सी.एच.सी. बिलाईगढ़ में भर्ती कराया। शुरुआती तौर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास धारा 109 (1) के तहत मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी, थाना प्रभारी और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। हालांकि, इलाज के दौरान गंभीर रूप से घायल महिला ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा 103 (1) जोड़ी।

शराब के नशे में हुआ विवाद

पुलिस पूछताछ में आरोपी परमेश्वर साहू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि घटना के वक्त वह स्वयं भी शराब के नशे में था। मृतिका शराब के नशे में उसे और उसके घरवालों को गालियां दे रही थी। मना करने पर भी जब वह नहीं मानी, तो आक्रोश में आकर उसने बांस के डंडे से उसके सिर पर लगातार वार कर दिए, जिससे उसकी मौत हो गई।

बिलाईगढ़ पुलिस ने आरोपी परमेश्वर साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया, जहां से उसे सारंगढ़ उप जेल भेज दिया गया है।

Related Posts