नई दिल्ली। मध्यप्रदेश, बिहार और गुजरात विधानसभा की 3 सीटों पर गुरुवार को उपचुनाव हो रहे हैं। खास बात है कि इन तीनों ही राज्यों में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। सुबह 7 बजे इन सीटों पर मतदान शुरू हो चुका है और 3 अगस्त को नतीजे घोषित किए जाने हैं। खास बात है कि बिहार और एमपी की सीटों पर उम्मीदवार का चुनाव भी खासा चर्चा में रहा था।
इन सीटों पर हैं चुनाव
गुरुवार को जिन तीन सीटों पर मतदान होने जा रहा है, उनमें मध्यप्रदेश की दतिया, बिहार की बांकीपुर और गुजरात की मंजलपुर सीट है। एक ओर जहां दतिया में भाजपा का मुकाबला कांग्रेस से है। वहीं, बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी के नेता प्रशांत किशोर के मैदान में उतरने से मुकाबला दिलचस्प हो गया है। वहीं, मंजलपुर सीट पर भाजपा सीधे कांग्रेस से भिड़ेगी।
बांकीपुर
भाजपा का गढ़ माने जाने वाली बिहार की बांकीपुर सीट पर पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने जीत दर्ज की थी। बाद में उनके राज्यसभा जाने के बाद सीट खाली हुई थी और उपचुनाव का ऐलान हुआ था। उन्होंने राजद की रेखा गुप्ता को 50,000 से अधिक मतों से हराकर लगातार पांचवीं बार यह विधानसभा सीट जीती थी।
इस बार पार्टी ने युवा इकाई के नेता नीरज कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया है। भाजपा 1995 से यह सीट हारी नहीं है। उस समय इस निर्वाचन क्षेत्र को पटना पश्चिम के नाम से जाना जाता था। सीट पर करीब 3.80 लाख मतदाता अपना नेता चुनेंगे।
दतिया
साल 2023 के विधानसभा चुनाव में इस सीट पर बड़ा उलटफेर देखने को मिला था। तब राज्य के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को यहां कांग्रेस नेता राजेंद्र भारती के हाथों 75 मतों से हार का सामना करना पड़ा था। वहीं, ताजा उपचुनाव में भी उम्मीदवारों को लेकर जमकर तनातनी देखी गई थी। धोखाधड़ी के एक मामले में भारती को तीन साल की सजा सुनाई गई है, जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहे हैं।
भाजपा ने दतिया से आशुतोष तिवारी को टिकट दिया। जबकि कांग्रेस ने घनश्याम सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। आजाद समाज पार्टी के दामोदर सिंह यादव भी चुनाव मैदान में हैं और वह मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इनके अलावा 18 अन्य उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं। विधानसभा क्षेत्र में कुल 291 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 2,20,344 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे।
मंजलपुर
भाजपा नेता और राज्य के पूर्व मंत्री योगेश पटेल का दो जून को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था, जिसके चलते सीट पर उपचुनाव हो रहे हैं। भाजपा ने वडोदरा नगर निगम के पूर्व पार्षद सतीश गोविंदभाई पटेल को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने अपनी गुजरात इकाई के उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भीखाभाई रबारी को मैदान में उतारा है। इस उपचुनाव में कुल 2.19 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के पात्र हैं।






