गुवाहाटी। असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा हो गया। सुबह करीब 6.54 बजे कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस का इंजन और 5 डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस दुर्घटना में लगभग 50 यात्री घायल हुए हैं, जबकि पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) का दावा है कि सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (NFR) के अधिकारियों के मुताबिक, यह दुर्घटना डिगारू स्टेशन के पास हुई। ट्रेन को दूसरी लाइन पर डायवर्ट (लूप लाइन) किया जा रहा था, इसी दौरान लोको पायलट ट्रेन की रफ्तार को नियंत्रित नहीं कर सका। अनियंत्रित ट्रेन ट्रैक के ‘डेड एंड’ पर लगे बैरिकेड्स को तोड़ते हुए पटरी से उतर गई।
लोको पायलट का वीडियो आया सामने: इमरजेंसी ब्रेक भी फेल
हादसे के समय का एक 45 सेकेंड का वीडियो सामने आया है, जो इंजन के केबिन के अंदर का है। वीडियो में लोको पायलट बेहद घबराए हुए स्थिति की जानकारी दे रहे हैं।
लोको पायलट को यह कहते सुना जा सकता है— कुछ भी काम नहीं कर रहा। आगे सिग्नल रेड है। इमरजेंसी ब्रेक लगा हुआ है, लेकिन काम नहीं कर रहा है। S-9 और A-9 (ब्रेक सिस्टम) में से कुछ भी रिस्पॉन्स नहीं दे रहा है।
राहत और बचाव कार्य जारी
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी और राहत दल मौके पर पहुंच गए। पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने और ट्रैक को बहाल करने का काम तेजी से किया जा रहा है। रेलवे प्रशासन ने मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं, ताकि ब्रेक फेल होने और तकनीकी खराबी के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।






