जगदलपुर। समीपस्थ ग्राम आसना के छेपरागुड़ा पारा में बाढ़ प्रभावित परिवार आज भी शासन-प्रशासन की उपेक्षा झेल रहे हैं। हालात यह हैं कि पीड़ित परिवार छोटे बच्चों के साथ ठंड में खुले आसमान के नीचे झिल्ली तानकर रहने मजबूर हैं। भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधिमंडल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ितों का हाल जाना।
भाकियू के जिला अध्यक्ष रमेश गोयल ने कहा कि बाढ़ से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अधिकारियों ने निरीक्षण कर दस्तावेज तो ले लिए, लेकिन आज तक मुआवजा नहीं मिला। उन्होंने कुछ परिवारों को मुआवजा देने और बाकियों को छोड़ने पर भेदभाव का आरोप लगाया। इस दौरान संभागीय अध्यक्ष शिवा स्वर्णकार, तोकापाल ब्लॉक अध्यक्ष बबलू बघेल सहित अन्य किसान मौजूद थे।
पांच प्रमुख मांगें
यूनियन ने प्रशासन से सभी वास्तविक पीड़ितों का पुनः सर्वे कर तत्काल मुआवजा व क्षतिग्रस्त मकानों के लिए आवास सहायता देने, झिल्ली तानकर रह रहे परिवारों को अस्थायी आवास व राहत सामग्री उपलब्ध कराने तथा भेदभाव की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। मांगें पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।






