छत्तीसगढ़ताजा खबरें

मिठाई दुकानों में खाद्य विभाग की कार्रवाई : 21 नमूने लिए, 107 किलो खराब खाद्य सामग्री नष्ट

बलौदाबाजार। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चला रही है। अभियान के तहत पिछले एक सप्ताह में विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से 21 नमूने लिए गए हैं। इनमें 7 विधिक और 14 सर्विलांस नमूने शामिल हैं। वहीं जनस्वास्थ्य के लिए संभावित खतरा बनी 107 किलो खराब खाद्य सामग्री को मौके पर नष्ट कराया गया।
मंगलवार को खाद्य सुरक्षा दल ने बलौदाबाजार के कलकत्ता स्वीट्स गांधी चौक और रूपड़ा मिष्ठान भंडार तथा सिमगा के जय मां दुर्गा स्वीट्स, बालाजी जोधपुरी स्वीट्स और अमित स्वीट्स का निरीक्षण किया। टीम ने बेसन लड्डू, पेड़ा, मिल्क केक, मलाई पेड़ा, खोया, गुलाब जामुन, शंकरपारा, मेवा, मेथी मटरी और बेमन पापड़ी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजे हैं। रिपोर्ट में मिलावट अथवा अमानकता पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
रूपड़ा मिष्ठान भंडार में हेड कवर और ग्लव्स का उपयोग नहीं किए जाने पर धारा 32 के तहत नोटिस जारी किया गया। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता एवं गुणवत्ता मानकों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है। बिना लाइसेंस संचालित अस्थायी स्टॉलों तथा शहरी क्षेत्रों से ग्रामीण हाट-बाजारों तक होने वाली संदिग्ध मिठाइयों की आपूर्ति पर भी निगरानी बढ़ाई गई है।

Related Posts