छत्तीसगढ़ताजा खबरें

लीकेज बांध का पानी ठीक करने उतरे ग्रामीण की मौत : वेस्ट वियर में फंसने से गई जान, FIR और मुआवजे पर अड़े परिजन

बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के नवाडीह स्थित बांध में पानी के रिसाव को ठीक करने के दौरान ग्रामीण की मौत हो गई। सिंचाई विभाग पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों और परिजनों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। बांध के वेस्ट वियर में फंसने से राजकुमार मरावी नामक ग्रामीण की मौत हो गई, इसके बाद बांध का पानी खाली करवाकर शव को बाहर निकाला गया।

सुरक्षा इंतजामों के बिना उतारा गया बांध में

जानकारी के अनुसार, नवाडीह बांध से लगातार पानी का रिसाव हो रहा था। आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा उपकरण या तकनीकी इंतज़ामों के राजकुमार मरावी को रिसाव ठीक करने के काम में लगा दिया गया। काम करने के दौरान वह वेस्ट वियर के तेज बहाव और संरचना में फंस गया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पूर्व विधायक बृहस्पत सिंह मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की।

परिजनों ने लापरवाही बरतने वाले सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज किये जाने के अलावा साथ ही मृतक के आश्रित परिजनों को उचित आर्थिक मुआवजा और सहायता दी जाने की मांग की है।

मांगें पूरी होने तक शव लेने से इनकार

परिजनों का गुस्सा इस बात पर है कि विभागीय लापरवाही के कारण एक मासूम की जान चली गई। उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि जब तक जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती और मुआवजा तय नहीं होता, वे शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। फिलहाल मौके पर तनाव की स्थिति बनी हुई है और प्रशासनिक अधिकारियों के फैसले पर सभी की नजर टिकी है।

Related Posts