छत्तीसगढ़व्यापार

दाल ने बढ़ाया खाने का स्वाद : तीन साल बाद अरहर दाल की कीमत घटी, 100 से 120 रुपए किलो तक पहुंची

रायपुर। तीन साल बाद अरहर दाल की कीमत पुरानी दाम पर पहुंची है। तीन पहले अर्थात् 2022 में अरहर दाल की कीमत 100 से 120 रुपए थी, अब यही कीमत इस समय हो गई। चिल्हर में अच्छी क्वालिटी की दाल 120 से 130 में मिल रही है। बीते साल के अंतिम माह दिसंबर में ही अरहर दाल की कीमत चिल्हर में 180 रुपए थी, जो दो सौ रुपए के पार भी गए। इसके अलावा दूसरी दालों के दाम भी अब कम हो गए हैं। किसी भी दाल के दाम इस समय थोक में 100 रुपए के अंदर हैं, चिल्हर में कुछ ज्यादा हैं।

अरहर दाल ही है, जो हर घर और होटलों, ढाबों, रेस्टोरेंट में ज्यादा बनती है। इस दाल की डिमांड पूरे देश में सबसे ज्यादा रहती है। छत्तीसगढ़ में भी इसकी डिमांड ज्यादा है। यहां दाल महाराष्ट्र से ज्यादा आती है। इसके अलावा लोकल दाल की भी बहुत मांग रहती है। महाराष्ट्र की दाल को ज्यादा पसंद किया जाता है, जिसका दाम लोकल दाल से थोड़े ज्यादा रहते हैं ।

2023 में सर्वाधिक महंगी रही अरहर दाल

अरहर दाल की कीमत तीन साल पहले 2022 में थोक में 90 से 100 रुपए और चिल्हर में 100 से 120 रुपए थी। इसके बाद इसके दाम बढ़ने प्रारंभ हुए तो 2023 में इसकी कीमत दौ सौ रुपए के पार हो गई। थोक में जहां कीमत 190 रुपए हो गई, वहीं चिल्हर में इसके दाम 210 से 220 रुपए हो गए। ऐसा ही 2015 में भी हुआ था जब फसल प्रभावित हुई थी। 2023 में भी फसल कम होने की बात की गई। इसके बाद तो इसका असर 2024 तक रहा। इस साल भी इसलके दाम दो सौ रुपए तक रहे। 2024 के अंतिम माह में कीमत थोक में 140 से 160 और चिल्हर में 160 से 180 रुपए तक रही।

दाम अब पहले जैसे 

रायपुर के थोक कारोबारी  गोविंद माहेश्वरी ने बताया कि, इसके पहले अरहर दाल की कीमत थोक में ही 190 रुपए तक चली गई थी, अब नई फसल आने के बाद दाम बहुत कम होकर पहले की तरह ही थोक में 100 से 120 रुपए हो गए हैं।

चना दाल के साथ अन्य दालें भी सस्ती 

थोक कारोबारी  गोविंद माहेश्वरी ने बताया कि अन्य दालें भी इस समय सस्ती हो गई हैं। चना दाल थोक में 70 से 72 और चिल्हर में 80 से 85 रुपए, उड़द दाल थोक में 100 और चिल्हर में 110 रु, मूंगदाल थोक में 100 और चिल्हर में 110 रुपए है। देशी चना थोक में 60 से 65 और चिल्हर में 70 से 75 रुपए में मिल रहा है। काबुली चना भी बहुत सस्ता हो गया है। इसके दाम भी 180 रुपए तक चले गए थे, अब यह थोक में 100 रुपए और चिल्हर में 110 रुपए में बिक रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Posts