छत्तीसगढ़

राजधानी में दो पनीर फैक्ट्रियों पर छापा : 1000 हजार किलो पनीर नष्ट किया, खाद्य विभाग की टीम ने की कार्रवाई

रायपुर। राजधानी रायपुर में खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। भाठागांव और उरला स्थित दो पनीर फैक्ट्रियों पर छापा मारकर विशेष टीम ने 1000 किलो से अधिक नकली पनीर जब्त कर उसे जमीन में नष्ट कर दिया है। विभाग ने एक फैक्ट्री का लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, वहीं दूसरी को कड़ी चेतावनी जारी की गई है।

लाभ के लिए सेहत से समझौता

शादी के सीजन में पनीर की मांग दो से तीन गुना बढ़ जाती है। इसी का फायदा उठाकर अधिक मुनाफा कमाने के चक्कर में डेयरी संचालक दूध पाउडर, पॉाम ऑयल और साइट्रिक एसिड के मिश्रण से ‘एनालॉग पनीर’ तैयार कर रहे थे। शिकायतों के आधार पर कंट्रोलर दीपक अग्रवाल ने दूसरे जिलों के अधिकारियों की एक विशेष टीम गठित कर अवकाश के दिन रविवार भाठागांव के ‘केएलपी मिल्क एंड प्रोडक्ट’ और उरला के ‘एसजे मिल्क एंड डेयरी प्रोडक्ट’ पर एक साथ दबिश दी।

गंदगी के बीच बन रहा था पनीर

जांच के दौरान भाठागांव स्थित फैक्ट्री में भारी गंदगी पाई गई और पनीर बनाने की प्रक्रिया को संदिग्ध पाया गया। यहाँ से 540 किलो पनीर जब्त किया गया। गंदगी और नियमों के उल्लंघन के कारण प्लांट का प्रोडक्शन तत्काल बंद कराकर लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई शुरू की गई है। यहाँ 500 किलो पनीर जब्त किया गया और संचालक को व्यवस्था सुधारने के लिए विभागीय नोटिस थमाया गया।

गड्ढे में दबाकर किया गया नष्ट

जब्त किए गए पनीर की गुणवत्ता स्वास्थ्य के लिए हानिकारक पाए जाने पर उसे शहर से बाहर सुरक्षित स्थान पर ले जाकर बड़े गड्ढे में दबा दिया गया। अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्रियों से लिए गए सैंपल्स की लैब रिपोर्ट आने के बाद संचालकों पर और भी कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

लाइसेंस पर छिड़ा विवाद

इस कार्रवाई के साथ ही ‘एनालॉग पनीर’ को लेकर एक बार फिर नीतिगत विवाद गहरा गया है। दरअसल, भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) एनालॉग पनीर निर्माण के लिए लाइसेंस जारी करता है, जबकि स्थानीय खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) इसे सेहत के लिए हानिकारक बताकर प्रतिबंधित करता है। व्यापारियों का तर्क है कि जब लाइसेंस मिल रहा है, तो कार्रवाई क्यों? हालांकि, विभाग का स्पष्ट कहना है कि मिलावटी और असुरक्षित खाद्य सामग्री पर कार्रवाई जारी रहेगी।

टीम में शामिल अधिकारी

इस विशेष छापामार कार्रवाई में सर्वेश यादव, अक्षय सोनी, बृजेंद्र भारती, फनेश्वर पिथौरा, संजय नंद और मुखर्जी अमृत समेत अन्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल थे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों और शादियों के इस सीजन में राजधानी की अन्य डेरियों और फैक्ट्रियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।

 

BABU RAO

Related Posts