पटना। बिहार की राजनीति ने आज एक नया इतिहास रच दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से एनडीए NDA विधायक दल का नेता चुन लिया गया है, जिसके बाद अब वे बिहार के नए मुख्यमंत्री होंगे। यह बिहार के राजनीतिक इतिहास में पहली बार है, जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा।
नीतीश कुमार ने खुद रखा नाम का प्रस्ताव
विधानसभा के सेंट्रल हॉल में आयोजित एनडीए की बैठक में एक बेहद रणनीतिक दृश्य देखने को मिला। मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद नीतीश कुमार ने स्वयं सम्राट चौधरी के नाम का प्रस्तावक बनकर सबको चौंका दिया। नीतीश कुमार ने सम्राट चौधरी को माला पहनाई और विधायकों से तालियां बजवाकर उनका स्वागत किया। वहीं, सम्राट चौधरी ने भी बड़े बुजुर्ग के नाते नीतीश कुमार के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।
मैंने नीतीश जी से ही राजनीति सीखी : सम्राट चौधरी
विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद सम्राट चौधरी ने कहा, मैंने नीतीश जी से ही राजनीति सीखी है और उनके साथ काम किया है। उनके ‘समृद्ध बिहार’ के सपने को अब हम और आगे लेकर जाएंगे।
नीतीश कुमार का इस्तीफा और नई पारी को समर्थन
इससे पहले आज नीतीश कुमार ने राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप दिया। खास बात यह रही कि वे सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के साथ एक ही गाड़ी में सवार होकर राजभवन पहुंचे थे। इस्तीफे के बाद नीतीश कुमार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर लिखा :
अब नई सरकार यहां का काम देखेगी। नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग रहेगा। आगे भी बहुत अच्छा काम होगा, बिहार बहुत आगे बढ़ेगा।
















