बिहार

बिहार में ‘मोदी-नीतीश मॉडल’ पर चलेगी सरकार : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने संभाला कार्यभार, जनता ने लगाई भू-माफियाओं से मुक्ति की गुहार

पटना । बिहार की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। पदभार संभालते ही उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि बिहार का विकास ‘नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के मॉडल’ पर आधारित होगा। सचिवालय से लेकर बीजेपी कार्यालय तक, नए मुख्यमंत्री से मिलने वालों का तांता लगा रहा।

सचिवालय में ली बैठक, कानून के राज का दिया भरोसा

मुख्यमंत्री के रूप में पदभार ग्रहण करने के बाद सम्राट चौधरी सीधे सचिवालय पहुंचे और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ पहली समीक्षा बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को राज्य में शासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। सचिवालय के बाद वे पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां डेढ़ घंटे तक कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि बिहार में ‘कानून का राज’ हर हाल में कायम रहेगा।

जनता की फरियाद : “ठाकुरबाड़ी की जमीन मुक्त कराई जाए”

सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने की खबर के साथ ही अपनी समस्याओं को लेकर लोग बीजेपी कार्यालय पहुंचने लगे। नवादा के काशीचक से आए जितेंद्र प्रसाद वर्मा ने मुख्यमंत्री से गुहार लगाई कि ठाकुरबाड़ी की जमीन पर माफियाओं ने अवैध कब्जा कर लिया है। उन्होंने दोषियों पर सख्त कार्रवाई और जमीन को मुक्त कराने की मांग की।

सम्राट के नेतृत्व पर क्या कहती है जनता ?

कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच नए मुख्यमंत्री को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं । बीजेपी कार्यकर्ता सीमा देवी ने कहा कि सम्राट चौधरी, नीतीश कुमार के ‘दत्तक पुत्र’ की तरह काम करेंगे और उनके द्वारा किए गए विकास कार्यों की लकीर को और बड़ा करेंगे। मुंगेर के मनोज शाह ने भरोसा जताया कि सम्राट चौधरी के कार्यकाल में बिहार में उद्योगों का जाल फैलेगा और बड़े पैमाने पर निवेश होगा। सकरा के अर्जुन राम ने उनके गृह मंत्री के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने अपराधियों में डर पैदा किया था, अब मुख्यमंत्री के रूप में वे बिहार को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

BABU RAO

Related Posts

error: Content is protected !!