सहरसा। बिहार के सहरसा जिले के महिषी प्रखंड से सरकारी तंत्र की संवेदनहीनता का एक खौफनाक मामला सामने आया है। यहाँ के राजकीय मध्य विद्यालय, बलुआहा में गुरुवार को मिड-डे मील खाने के बाद 250 से अधिक बच्चों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बच्चों के खाने में मरा हुआ सांप मिलने की खबर फैलते ही स्कूल से लेकर अस्पताल तक कोहराम मच गया।
दाल-चावल में मिला सांप, फिर शुरू हुआ चीख-पुकार का दौर
जानकारी के अनुसार, गुरुवार को विद्यालय में बच्चों को दोपहर के भोजन में दाल-चावल परोसा गया था। भोजन करने के कुछ ही देर बाद एक-एक कर बच्चों ने पेट दर्द, जी मिचलाने और उल्टी की शिकायत शुरू कर दी। इसी बीच, जब खाने के बर्तन को खंगाला गया, तो उसमें एक मरा हुआ सांप मिला। यह देखते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते बीमार बच्चों की संख्या बढ़ने लगी, जिसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्चों को अस्पताल पहुँचाया गया।
सदर अस्पताल में भर्ती कराए गए मासूम
घटना की गंभीरता को देखते हुए पूरे जिले के स्वास्थ्य महकमे को अलर्ट पर रखा गया है, प्राथमिक उपचार के लिये सभी बच्चों को पहले महिषी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ हालत बिगड़ते देख 100 से अधिक बच्चों को सहरसा सदर अस्पताल रेफर किया गया। सिविल सर्जन डॉ. राजनारायण प्रसाद ने अस्पतालों में अतिरिक्त डॉक्टरों और बेड की व्यवस्था कराई है। फिलहाल सभी बच्चों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
परिजनों का आक्रोश, NGO और प्रबंधन पर उठे सवाल
घटना के बाद गुस्साए परिजनों ने स्कूल और अस्पताल में जमकर हंगामा किया। परिजनों का सीधा आरोप है कि मिड-डे मील सप्लाई करने वाली संस्था (NGO) और स्कूल प्रशासन बच्चों की जान से खिलवाड़ कर रहे हैं। खाने की गुणवत्ता की कभी जाँच नहीं की जाती, जिसका नतीजा आज इस बड़ी दुर्घटना के रूप में सामने आया है।
प्रशासन की कार्रवाई
मामले की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपेश कुमार और पुलिस अधीक्षक ने स्थिति का जायजा लिया। प्रशासन ने मिड-डे मील के भोजन और सांप के अवशेष को लैब टेस्ट के लिए भेज दिया गया है।पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।डीएम ने आश्वासन दिया है कि जांच रिपोर्ट आते ही संबंधित NGO और लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर स्कूलों में मिलने वाले भोजन की सुरक्षा और स्वच्छता मानकों पर बड़े सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। वर्तमान में पूरे महिषी इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और लोग दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






