बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फोटो प्रदर्शनी का शुभारंभ मंगलवार को नगर भवन, बलौदाबाजार में किया गया। 16 से 18 जून तक आयोजित इस प्रदर्शनी का उद्घाटन पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
गौरीशंकर अग्रवाल ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं, जिनका लाभ समाज के सभी वर्गों तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी आमजन को सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों से अवगत कराने का प्रभावी माध्यम है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, कार्यशैली और देश के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता पर प्रकाश डाला। उन्होंने युवाओं से प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करने की अपील की।
प्रदर्शनी में पिछले 12 वर्षों के दौरान आधारभूत संरचना, डिजिटल भारत, स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों को आकर्षक चित्रों और जानकारी के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। साथ ही एलईडी स्क्रीन के जरिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी भी दी जा रही है।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल, पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, भारत स्काउट गाइड के राज्य उपाध्यक्ष विजय केशरवानी, जिला अध्यक्ष आनंद यादव, टेसू लाल धुरंधर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।






