छत्तीसगढ़

जगदलपुर के  पालाचलमा जंगलों में नक्सली डम्प : 13 हथियार और 208 डेटोनेटर बरामद

सुकमा। जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षा बलों को सफलता मिली है। किस्टाराम थाना क्षेत्र के पालाचलमा गांव के जंगल-पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्चिंग अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा पूर्व में छिपाकर रखे गए डम्प का पता लगाकर भारी मात्रा में हथियार, जिंदा कारतूस, विस्फोटक सामग्री और संचार उपकरण बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, बरामद सामग्री में कुल 13 हथियार, 208 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर, बीजीएल लांचर, इंसास मैगजीन और विभिन्न प्रकार के कारतूस शामिल हैं। यह कार्रवाई आत्मसमर्पित नक्सलियों से प्राप्त खुफिया जानकारी के आधार पर की गई। अभियान में जिला बल, डीआरजी और बस्तर फाइटर्स की संयुक्त टीम शामिल रही। पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में दुर्गम जंगलों और पहाड़ी क्षेत्रों में एरिया डोमिनेशन एवं सर्चिंग अभियान चलाया गया।

आत्मसमर्पित नक्सलियों से मिली खुफिया जानकारी 

प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल ऑप्स) रोहित शाह के मार्गदर्शन में 12 अक्टूबर को संयुक्त अभियान संचालित किया गया।सुबह सर्चिंग के दौरान टीम को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखे गए डम्प का पता चला। इसके बाद इलाके की तलाशी ली गई, जिसमें सामान बरामद हुआ।

बीजीएल लांचर और देशी हथियार बरामद

पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार, बरामद हथियारों में दो .303 रायफल, एक सिंगल शॉट हथियार, चार बीजीएल लांचर, तीन 12 बोर रायफल, 2 भरमार बंदूक और एक देशी कट्टा शामिल हैं। इसके अलावा इंसास मैगजीन तीन मिली हैं, जिनमें 26 जिंदा राउंड बताए गए हैं। 12 बोर के 20 जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं। डम्प में 1 तीर बम और 2 बीजीएल सेल भी मिले हैं।

208 डेटोनेटर सहित संचार उपकरण जब्त

हथियारों और कारतूसों के अतिरिक्त तलाशी के दौरान 208 नॉन इलेक्ट्रिक डेटोनेटर बरामद किए गए। इनके साथ एक वायरलेस सेट, दो वायरलेस चार्जर और एक मैगजीन पाउच भी मिला है। बरामद सामग्री में .303 रायफल के दो खाली खोखे, इंसास रायफल के 2 खाली खोखे, एके-47 रायफल के 3 खाली खोखे और 12 बोर के 2 खाली खोखे भी शामिल हैं। पुलिस ने सभी सामग्री को जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की है।

Related Posts