जगदलपुर। ईस्ट कोस्ट रेलवे के अंतर्गत रायगड़ा मंडल के एमवीजी और सीटीएस स्टेशनों के बीच हुए भूस्खलन के चलते रेल यातायात प्रभावित हुआ है। इस प्राकृतिक आपदा के कारण रेलवे ने 13 से 22 अक्टूबर के बीच कई प्रमुख ट्रेनों को रद्द करने तथा कई के फेरों में कटौती करने का निर्णय लिया है।
इस बीच रेल प्रशासन ट्रैक को दुरुस्त कर जल्द यातायात बहाल करने के प्रयासों में जुटा हुआ है। मार्ग को सुरक्षित और बहाल करने के लिए आधुनिक तकनीकों का सहारा लिया जा रहा है। मलबा रोकने और ट्रैक को सुरक्षित करने के लिए रेल पटरियों से मजबूत बैरिकेडिंग, जाली लगाने और उन्नत मड-कीपिंग तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।
सुधार में जुटा है रेल प्रबंधन
रायगड़ा के मंडल रेल प्रबंधक और भुवनेश्वर से ईस्ट कोस्ट रेलवे के प्रधान मुख्य अभियंता समेत कई मंडल अभियंता प्रभावित स्थल पर डटे हुए हैं। रेलवे अधिकारी बी. तपन कुमार ने बताया कि स्वयं 24 सितंबर से मौके पर मौजूद रहकर स्थिति पर टीम के साथ मौजूद हूं। जल्द सेवाएं सामान्य करने का हरसंभव प्रयास हो रहा है। उन्होंने बहाली कार्यों की पारदर्शिता पर जोर देते हुए मीडिया प्रतिनिधियों को भी घटनास्थल पर आकर चल रहे राहत व मरम्मत कार्यों को देखने का आमंत्रण दिया है।
बहाली तक निरस्त रहेगी ट्रेनें
उल्लेखनीय है कि बहाली कार्य चलने तक विशाखापट्टनम-किरंदुल (18515/18516) और राउरकेला-जगदलपुर (18107/18108) एक्सप्रेस गाड़ियां निरस्त रहेंगी। जबकि हावड़ा, भुवनेश्वर और विशाखापट्टनम से चलने वाली कई ट्रेनों को केआरपीयू स्टेशन तक सीमित रखा गया है। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक माध्यमों से ट्रेनों की ताजा स्थिति की जांच कर लें।






