छत्तीसगढ़

धान का अवैध भंडारण : तीन व्यापारियों के गोदामों पर छापा, 100 क्विंटल धान जब्त

दंतेवाड़ा/गीदम। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी बनाए रखने और अवैध भंडारण पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन सख्त हो गया है। संयुक्त टीम ने मंगलवार को विकासखंड गीदम के विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों और गोदामों का आकस्मिक निरीक्षण किया। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संयुक्त टीम ने तीन व्यापारियों के गोदामों से कुल 200 बोरी लगभग 100 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है।

खाद्य अधिकारी वेणुका ध्रुव और सहायक खाद्य अधिकारी प्रीति पाण्डेय के मार्गदर्शन में गठित संयुक्त जांच दल ने गीदम स्थित गोदामों के दस्तावेजों और उपलब्ध स्टॉक का मिलान किया। कृषि उपज मंडी अधिनियम 1972 के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर मेसर्स पवन ट्रेडर्स से 110 बोरी अर्थात् 55 क्विंटल, मेसर्स शिवहरे ब्रदर्स से 50 बोरी अर्थात् 25 क्विंटल और मेसर्स गणेश ट्रेडर्स से 40 बोरी अर्थात् 20 क्विंटल धान जब्त किया गया। आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए प्रकरण कलेक्टर खाद्य शाखा के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। इस कार्रवाई में खाद्य निरीक्षक प्रमोद कुमार सोनवानी, हिमांशु केशरवानी, मंडी सचिव एमएस मण्डावी और मंडी उपनिरीक्षक बालमुकुंद यादव शामिल रहे।

निगरानी समिति की सख्ती

उपार्जन केंद्रों पर पंजीकृत किसानों से निर्धारित मानकों के अनुरूप औसत अच्छी गुणवत्ता का धान ही खरीदा जा रहा है। अमानक धान पाए जाने पर उसे अस्वीकृत कर किसानों को गुणवत्तापूर्ण धान लाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने और किसानों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए प्रत्येक केंद्र पर निगरानी समिति के साथ नोडल अधिकारियों और ट्रस्टेड पर्सन की नियुक्ति की गई है।

अवैध भंडारण पर जारी रहेगी कार्रवाई

कलेक्टर ने अधिकारियों को धान खरीदी व्यवस्था पर सतत निगरानी रखने और किसी भी तरह की अनियमितता या अवैध भंडारण पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि धान खरीदी की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Related Posts