जगदलपुर। बस्तर में सड़क और पुलों के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। भानपुरी-मुंडागांव-नारायणपाल मार्ग पर नारंगी नदी में 11 करोड़ 19 लाख की लागत से उच्चस्तरीय पुल का निर्माण किया जाएगा। वन एवं सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने 24 नवंबर को छोटे आमाबाल में विधिवत पूजा-अर्चना कर पुल निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया।
लोक निर्माण विभाग के सेतु निर्माण संभाग द्वारा इस पुल का निर्माण कराया जाएगा। पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को वर्षभर आवागमन की सुविधा मिल सकेगी। खासकर बारिश के दिनों में नारंगी नदी का जलस्तर बढ़ने से आवागमन बाधित होने की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी।
अभी बरसात के दौरान नदी में पानी बढ़ने पर आसपास के गांवों के लोगों को आवाजाही में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उच्चस्तरीय पुल बनने के बाद इस समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है। यह मार्ग भानपुरी, मुंडागांव और नारायणपाल होते हुए विश्वप्रसिद्ध पर्यटन स्थल चित्रकोट जलप्रपात को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण जिला मार्ग है। यह रायपुर-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 से सीधे जुड़ता है।
ऐसे में पुल का निर्माण केवल ग्रामीण आवागमन के लिहाज से ही नहीं, बल्कि पर्यटन विकास के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजधानी रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों से चित्रकोट आने वाले पर्यटकों को वर्षभर सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। बारिश के मौसम में भी पर्यटकों को नदी के कारण रास्ता बाधित होने की समस्या से राहत मिलेगी। भूमिपूजन के दौरान सेतु निर्माण के एसडीओ नीता जोशी, उपयंत्री श्रीनिवास कोर्राम आदि शामिल रहे।
अवसरों के रास्ते भी खुलने की संभावना
इस परियोजना से क्षेत्र के 12 प्रमुख गांवों की लगभग 18376 की आबादी प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित होगी। पुल बनने से ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और व्यापार संबंधी गतिविधियों के लिए आवागमन में आसानी होगी। साथ ही क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आर्थिक अवसरों के रास्ते भी खुलने की संभावना है।






