छत्तीसगढ़

बीजापुर में अवैध खनन और परिवहन : तिमापुर में चेन माउंटेन मशीन सील, दो हाइवा जब्त

बीजापुर। जिले में गौण खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। तहसील आवापल्ली अंतर्गत ग्राम तिमापुर के समीप मुरुम के अवैध उत्खनन की शिकायत पर खनिज विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक चेन माउंटेन मशीन और दो हाईवा वाहनों को जब्त किया है।

खनिज विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24 नवंबर को ग्राम तिमापुर के पास भारी मशीनों से मुरुम के अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना मिली थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए खनिज अमले ने तत्काल मौके पर दबिश दी। टीम ने अवैध उत्खनन में लगी चेन माउंटेन मशीन को मौके पर ही सील कर चालक की सुपुर्दगी में दे दिया।

वहीं, परिवहन में लगे दोनों हाईवा वाहनों को जब्त कर सुरक्षा की दृष्टि से बासागुड़ा थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
विभाग ने इस मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 तथा छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियम 2015 के तहत संबंधित फर्म के विरुद्ध अवैध उत्खनन का प्रकरण दर्ज कर लिया है। अधिकारियों के अनुसार मामले में नियमानुसार आगामी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

जारी रहेगा अभियान

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि खनिज संपदा के संरक्षण के लिए जिले भर में निरंतर निगरानी रखी जा रही है। अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related Posts