रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई स्थित ज्वेलरी दुकान में डकैती की कोशिश में पुलिस ने 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने घटना को अंजाम देने से पहले दुकान के बाहर लगे CCTV कैमरे पर कागज लगा दिया। इसके बाद गैस कटर से ताला काटा, लेकिन चोरी करने में सफल नहीं हुए। पुलिस ने आरोपियों के पास से गैस सिलेंडर, कटर मशीन, दोपहिया वाहन और 4 मोबाइल जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार खमतराई के श्रीनगर में स्थित सुरेश ज्वेलर्स के संचालक सुरेश धीमन 13 नवंबर को दुकान बंद कर बाहर गए थे। जब 18 नवंबर को लौटे तब उन्हें घटना के बारे में पता चला। उन्होंने दुकान में CCTV कैमरे पर कागज चिपका देखा और ताला गैस कटर से कटा था। उन्होंने घटना की सूचना खमतराई थाना पुलिस को दी, जहा पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने जांच की। पुलिस ने दुकान और आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले। दुकान संचालक और आसपास के लोगों से पूछताछ कर संदिग्धों की पहचान की।
आरोपियों ने कबुला घटना को अंजाम देना
जांच के दौरान पुलिस को खमतराई निवासी वासुदेव सरकार, गुंजन बार और नाज नौशाद के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने एक नाबालिग बालक और बालिका के साथ मिलकर दुकान में डकैती की कोशिश करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों नाबालिगों को भी पकड़ लिया।
चोरी में उपयोग की गई सामग्री जब्त
पुलिस ने आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल दोपहिया वाहन, गैस सिलेंडर, लोहे की कटर मशीन, हेलमेट और 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इसके अलावा अन्य सामान भी बरामद किया गया है।






