छत्तीसगढ़

माओवादियों के डंप से निकला 3.84 किलो सोना : स्टील के डिब्बे से 33 बिस्किट और 24 लाख 22 हजार रुपए बरामद

बीजापुर। माओवाद प्रभावित बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत इन्द्रावती नदी के आसपास स्थित जंगल में जमीन के नीचे छिपाकर रखे गए माओवादी डम्प से पुलिस ने 3.84 किलो सोना और 24 लाख 22 हजार 500 रुपये नगद बरामद किए हैं। बरामद सोने की अनुमानित कीमत करीब 4 करोड़ 29 लाख आंकी गई है। इस कार्रवाई में डीआरजी, थाना भैरमगढ़ एवं बीडीएस की संयुक्त टीम शामिल रही।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 28 नवंबर को माओवादी डम्प रखे जाने की सूचना प्राप्त हुई थी। पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रविन्द्र कुमार मीणा के नेतृत्व में टीम गठित कर सर्चिंग अभियान पर रवाना किया। टीम ने थाना भैरमगढ़ से लगभग 8 से 10 किलोमीटर दूर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान बीडीएस टीम ने डिमाइनिंग एवं तलाशी की प्रक्रिया अपनाते हुए जमीन के अंदर छिपाकर रखा गया एक स्टील का डिब्बा बरामद किया। डिब्बे को खोलकर जांच करने पर उसमें बड़ी मात्रा में सोने के बिस्किट और नगद राशि रखी मिली।

पुलिस के अनुसार डिब्बे से कुल 33 सोने के बिस्किट बरामद किए गए। प्रत्येक बिस्किट का वजन 10 तोला बताया गया है। इस प्रकार कुल 330 तोला यानी लगभग 3.84 किलो सोना बरामद हुआ, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 4 करोड़ 29 लाख रुपए हैं। इसके अलावा टेप से लिपटे एक पैकेट में 500-500 रुपए के नोटों के रूप में कुल 24 लाख 22 हजार 500 रुपए नगद मिले। इस तरह एक ही कार्रवाई में पुलिस ने करोड़ों रुपए मूल्य की संपत्ति बरामद की है।

अब तक 12.34 किलो सोना और 8.24 करोड़ नगद बरामद

बीजापुर जिले में माओवादी गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा बलों द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार जिले के विभिन्न स्थानों पर की गई कार्रवाइयों के दौरान माओवादी डम्प से अब तक कुल 8 करोड़ 24 लाख 33 हजार 300 रुपए नगद राशि तथा 12.34 किलो सोना बरामद किया जा चुका है।

Related Posts