छत्तीसगढ़

 सड़क की हर परत की होगी परीक्षा : गुणवत्ता पर विभाग का पहरा

जगदलपुर। सड़क निर्माण में गुणवत्ता की अनदेखी अब आसान नहीं होगी। बस्तर संभाग के सातों जिलों में लोक निर्माण विभाग ने निमार्णाधीन सड़कों की गुणवत्ता जांचने के लिए चलित प्रयोगशाला को मैदान में उतारा है। सड़क की बुनियाद से लेकर ऊपरी परतों तक तकनीकी परीक्षण कर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप हो।

खासकर सब-बेस और बेस की प्रत्येक परत का ग्रेडेशन, कॉम्पैक्शन और मोटाई जांची जा रही है, ताकि सड़क की मजबूती और टिकाऊपन से समझौता न हो। लोक निर्माण विभाग जगदलपुर जोन के मुख्य अभियंता समय लाल एवं अधीक्षण अभियंता संजय सूर्यवंशी के निर्देशन तथा कार्यपालन अभियंता भावेश सिंह के नेतृत्व में यह व्यवस्था संचालित की जा रही है। चलित प्रयोगशाला वाहन के जरिए निर्माण स्थल पर ही तकनीकी परीक्षण किए जा रहे हैं। इससे सड़क निर्माण के दौरान सामने आने वाली गुणवत्ता संबंधी कमियों की पहचान कर समय रहते सुधार की गुंजाइश बन रही है।

पर्यटकों व यात्रियों को मिलेगी राहत

इधर जगदलपुर से चित्रकोट तक सड़क चौड़ीकरण का काम तेजी से जारी है। मार्ग को चार लेन में विकसित करने के साथ डामरीकरण और डिवाइडर निर्माण कराया जा रहा है। चित्रकोट जलप्रपात तक पहुंचने के लिए यह मार्ग पर्यटन और यातायात दोनों लिहाज से महत्वपूर्ण है। फोरलेन बनने के बाद जगदलपुर के नागरिकों के साथ पर्यटकों और दूसरे यात्रियों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित होने से यातायात का दबाव कम होगा और सुरक्षित सफर की सुविधा बढ़ेगी।

अधिकारियों की निर्माण स्थल पर निगरानी

जगदलपुर-चित्रकोट मार्ग के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारी लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। एसडीओ अरुण कुमार, केसी कश्यप सहित अधिकारी और उप अभियंता निर्माण कार्यों की नियमित जांच कर रहे हैं। विभाग का जोर केवल सड़क चौड़ीकरण पूरा करने पर नहीं, बल्कि तकनीकी मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण निर्माण सुनिश्चित करने पर भी है।

Related Posts