कोण्डागांव। शामपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय में कथित अनियमितताओं तथा आदिवासी बच्चों, उनके पालकों और सामाजिकजनों के साथ हो रहे प्रशासनिक दुर्व्यवहार के विरोध में पालकों द्वारा किए जा रहे धरना–प्रदर्शन को जिला कांग्रेस कमेटी ने समर्थन दिया। पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस नेता मोहन मरकाम कांग्रेसजनों के साथ धरना स्थल पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों की मांगों का समर्थन किया।
धरना–प्रदर्शन में मोहन मरकाम ने कहा कि आदिवासी समाज के बच्चों और उनके माता–पिता के साथ हो रहे अन्याय को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पिछले कई दिनों से बच्चे और उनके पालक अपनी जायज मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं, लेकिन शासन–प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने सवाल उठाया कि जिम्मेदार अधिकारी अपनी जवाबदेही से क्यों बच रहे हैं।
मरकाम ने कहा कि इस संस्था की अध्यक्ष स्वयं जिला कलेक्टर हैं। ऐसे गंभीर मामले में तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए थी, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। इससे प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक के व्यवहार को लेकर भी आदिवासी समाज में नाराजगी होने की बात कही। मरकाम ने स्पष्ट किया कि आदिवासी समाज के सम्मान और स्वाभिमान के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निष्पक्ष जांच कराये जाने की मांग
कांग्रेस नेता ने शासन–प्रशासन से मांग की कि पालकों द्वारा उठाई गई सभी समस्याओं पर तत्काल संज्ञान लिया जाए। विद्यालय में व्याप्त कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस कोण्डागांव जिले की आवाज पूरे प्रदेश में बुलंद करेगी
मरकाम ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस पार्टी पालकों एवं आदिवासी समाज के साथ मिलकर व्यापक आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि शामपुर एकलव्य आवासीय विद्यालय के बच्चों को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और कोण्डागांव जिले की आवाज पूरे प्रदेश में बुलंद करेगी। इस आंदोलन को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी शासन–प्रशासन की होगी। आदिवासी बच्चों के भविष्य, अधिकारों और सम्मान की लड़ाई में कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।






