जगदलपुर। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत किसानों के नाम पर फर्जी हस्ताक्षर कर फर्जीवाड़ा मामले में बुरगुम पुलिस ने कृषि विस्तार अधिकारी सहित 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। वहीं मामले में एक अन्य फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी शलभ कुमार सिन्हा के निर्देश व एसडीओपी केशलूर लक्ष्मण पोटाई के मार्गदर्शन में आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित की गई थी। मामले की जानकारी देते हुए एसडीओपी ने बताया कि किसानों की जानकारी के बिना उनके फर्जी हस्ताक्षर कर बीमा राशि से आर्थिक लाभ लेने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
मामले की रिपोर्ट दर्ज कराते हुए वरिष्ठ कृषि अधिकारी जितेन्द्र सिंह शार्दूल ने बताया कि बुरगुम थाना क्षेत्र के ग्राम जामगांव के भूमिस्वामी और किरायेदार किसानों के नाम पर उनकी जानकारी के बिना कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। इसके बाद प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड से राशि हस्तांतरित होने पर किसानों और बीमा कंपनी के साथ धोखाधड़ी किए जाने का आरोप है।
मामले में थाना बुरगुम में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी मुन्ना लाल बघेल के अलावा अनिल सेठिया निवासी मारकेल व गिरीशचन्द सेठिया निवासी माझीगुड़ा थाना नानगुर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4), 336(3), 338, 340(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। मामले में मुन्ना लाल बघेल व अनिल सेठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड में जेल भेजा गया। वहीं फरार आरोपी गिरीशचन्द सेठिया की तलाश की जा रही है।
ऐसे दिया घटना को अंजाम
पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा थाना बुरगुम क्षेत्र के ग्राम जामगांव के भूमिस्वामी किसानों के जानकारी के बिना फर्जी हस्ताक्षर कर आर्थिक लाभ लेने के उद्देश्य से धोखाधड़ी की गई थी। आरोपियों द्वारा प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बजाज जनरल इंश्योरेंस लिमिटेड से राशि हस्तांरित होने पर किसानों व बीमा कंपनी से धोखाधड़ी किया गया था।






