रायपुर। मुख्यमंत्री श्री साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री मद से 50-50 लाख की लागत से निर्मित अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण कर समाज को एक करोड़ रुपए के विकास कार्यों की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने समाज की मांग पर सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण की भी घोषणा की।
महोत्सव में पहुंचने पर रौतिया समाज के लोगों ने मुख्यमंत्री श्री साय का पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला से आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया।
सामाजिक भवन समाज की एकता, संगठन और रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र होगा
मुख्यमंत्री श्री साय ने सोहराई करमा महोत्सव एवं नवनिर्मित समाज भवन के लोकार्पण पर समाज के सभी लोगों को बधाई दीं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निर्मित यह सामाजिक भवन समाज की एकता, संगठन और रचनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। साथ ही नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों और गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
रौतिया समाज ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत बनाये रखा
मुख्यमंत्री ने कहा कि रौतिया समाज ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हुए सनातन संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की एकजुटता और परंपराओं के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और नई पीढ़ी को आधुनिक अवसरों से जोड़ते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।






