रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि गांवों की वास्तविक आत्मनिर्भरता तभी संभव है, जब ग्राम पंचायतों के पास विकास कार्यों के लिए आय के अपने स्थायी स्रोत हों। जशपुर जिले की ग्राम पंचायत कुंजारा ने सौर ऊर्जा के माध्यम से इस दिशा में एक नई मिसाल प्रस्तुत की है। अब कुंजारा न केवल बिजली का उत्पादन करेगा, बल्कि उससे होने वाली आय का उपयोग गांव के विकास में भी कर सकेगा।
मुख्यमंत्री श्री साय जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा में 2 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित 280 किलोवाट क्षमता के ऑन-ग्रिड सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण कर रहे थे। राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत स्थापित यह छत्तीसगढ़ की अपनी तरह की पहली परियोजना है, जिसमें सौर ऊर्जा उत्पादन के माध्यम से ग्राम पंचायत को नियमित आय उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने की व्यवस्था की गई है।
ग्राम पंचायत को हर साल होगी लगभग 18.75 लाख रुपए की आय
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि यह सौर ऊर्जा संयंत्र प्रतिवर्ष लगभग 4 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन करने में सक्षम होगा। संयंत्र से उत्पादित बिजली सीधे विद्युत ग्रिड में प्रवाहित की जाएगी। वर्चुअल नेट मीटरिंग के माध्यम से इस बिजली का समायोजन जिले के विभिन्न शासकीय कार्यालयों की विद्युत खपत से किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस व्यवस्था के अंतर्गत ग्राम पंचायत कुंजारा को 5 रुपये प्रति यूनिट की दर से लाभांश प्राप्त होगा। इससे ग्राम पंचायत को सालाना अनुमानित 18.75 लाख रुपये की आय होगी।
मुख्यमंत्री ने की सीसी सड़क और दो सामुदायिक भवनों की घोषणा
मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में ग्रामवासियों की मांगों पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने ग्राम पंचायत कुंजारा में 20 लाख रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण, श्री टोली में सामुदायिक भवन निर्माण तथा कुंजारा में शिव मंदिर के समीप सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाने की अपील
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सौर ऊर्जा भविष्य की ऊर्जा है। इससे जहां पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिलता है, वहीं बिजली पर होने वाले खर्च में भी बचत होती है। उन्होंने ग्रामीणों से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
अन्य पंचायतों के लिए रोल मॉडल बनेगा कुंजारा
कुंजारा में स्थापित यह सौर ऊर्जा संयंत्र ग्राम पंचायतों की आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में एक अभिनव प्रयोग है। अब तक ग्राम पंचायतों को अधिकांश विकास कार्यों के लिए शासकीय अनुदान एवं विभिन्न योजनाओं से प्राप्त राशि पर निर्भर रहना पड़ता था। इस परियोजना से ग्राम पंचायत को नियमित आय का एक स्थायी स्रोत उपलब्ध होगा।






