छत्तीसगढ़

कुनकुरी  में होंगे विकास कार्य : मुख्यमंत्री साय ने जोकारी में 29.32 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण – भूमिपूजन किया

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रदेश के दूरस्थ वनांचलों और अंतिम छोर पर बसे गांवों तक विकास का लाभ पहुंचाना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। हमारी सरकार का संकल्प है कि विकास की मुख्यधारा से कोई गांव और कोई परिवार वंचित न रहे।

मुख्यमंत्री श्री साय जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकारी में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं सेतु विभाग के अंतर्गत 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार की लागत के पांच विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन कर क्षेत्रवासियों को महत्वपूर्ण सौगात दी। इनमें 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार की लागत के एक कार्य का लोकार्पण तथा 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार की लागत के चार कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

4.45 करोड़ के दो विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण, 19 गांव होंगे लाभान्वित

मुख्यमंत्री श्री साय ने कार्यक्रम में विद्युत विभाग के अंतर्गत ग्राम काईकछार एवं बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित दो 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का लोकार्पण किया। इन उपकेंद्रों के प्रारंभ होने से क्षेत्र के 19 गांवों में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। काईकछार विद्युत उपकेंद्र से काईकछार, चांपा टोली, रामबंध, बरपानी, ढारेन, जामपानी, सालामाली, केंदपानी और टेढ़ा पहाड़ सहित 9 गांवों के उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा।

इसी प्रकार बालाछापर विद्युत उपकेंद्र से बालाछापर, पुरनानगर, सिटोंगा, कनमोरा, रेंगोला, रायकोना, जबला, जोगीमारा, बढ़ईखाना और रजौटी सहित 10 गांवों में विद्युत आपूर्ति बेहतर होगी।

सामाजिक भवन, महतारी सदन और खेल सुविधाओं की मिली सौगात

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने क्षेत्रवासियों की मांग पर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं। उन्होंने ग्राम बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख की लागत से सामाजिक भवन निर्माण की घोषणा की। इस भवन से समाज के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने ग्राम जोकारी में 30 लाख की लागत से महतारी सदन निर्माण की घोषणा की।

Related Posts